Saturday, 25 February 2023

एक ग़ज़ल -शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए

चित्र साभार गूगल 

दैनिक जनसंदेश टाइम्स लख़नऊ 


एक ग़ज़ल -शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए 


कौन बाक़ी है मेरा राज़ बताने के लिए
अब कोई ख़त भी नहीं घर में छिपाने के लिए

प्यास तो नदियाँ बुझाती हैं ज़माने भर की
वो समंदर है अहं अपना दिखाने के लिए

भूख और प्यास लिए बैठे परिंदे छत पर
नींद ने समझा कि आते हैं जगाने के लिए

खुद से हो जंग तो मैं हारूँ या जीतू लेकिन
घर से निकला तो सभी आये मनाने के लिए

लोग पढ़ लेते हैं जैसे कोई अख़बार हूँ मैं
कुछ नहीं बाकी है अब सुनने सुनाने के लिए

उससे चुपचाप किसी मोड़ पे मिल लेता हूँ
शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए

फूल तो खुशबू ही देते रहे आदिम युग से
सिर्फ़ पत्थर ही मिले आग जलाने के लिए

ग़म ख़ुशी सारे ही किरदार कहानी में मेरे
हमने कब सोच के लिखा था ज़माने के लिए 

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल 


Thursday, 23 February 2023

एक गीत -एक चिड़िया शाख पर गाती हुई


चित्र साभार गूगल 

एक गीत -एक चिड़िया शाख पर गाती हुई 


एक चिड़िया
शाख पर गाती हुई 
इस शहर की चुप्पियों को तोड़ती है.


भूख से व्याकुल
मगर संगीतमय है,
साधना के साथ
भाषा, अर्थ -लय है,
नींड़ के निर्माण का 
सपना लिए 
नींद में भी रोज तिनका जोड़ती है.

नहीं छुट्टी है नहीं
इतवार कोई,
नाव बिन माँझी
नहीं पतवार कोई,
इस नदी की
आरती मत छोड़ना
आस्था के साथ रिश्ते जोड़ती है.

घास धानी, हरी
मौसम फूल के,
पाँव में निखरे
महावर धूल के,
रास्ते लम्बे पथिक
विश्राम कर
प्यास भी पगडंडियो को मोड़ती है.

खिलखिलाकर
धूप -बादल हँस रहे,
घने वन में दौड़
चीतल फँस रहे,
शीश पर मटका
दिये भी जल रहे
एक बंजारन कला कब छोड़ती है.

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

12 मार्च 2023 को अमर उजाला में प्रकाशित होगया 



चित्र साभार गूगल 


Wednesday, 22 February 2023

पद्मश्री शोवना नारायण को गीत संग्रह भेंट करते हुए

पद्मश्री शोवना नारायण जी को गीत संग्रह भेंट करते हुए
. साथ में श्री राजेश प्रसाद निदेशक इलाहाबाद म्यूजियम 


Saturday, 18 February 2023

एक गीत -पुण्य बाँटते संगम की जलधार देख लें

चित्र साभार गूगल 


एक -पुण्य बाँटते संगम की जलधार देख लें

आओ साथी
नदी -त्रयी
का प्यार देख लें.
पुण्य बाँटते 
संगम की 
जलधार देख लें.

धूप, हवा से
मौसम से 
बतियाने का दिन,
गंगा की
लहरों पर 
फूल चढ़ाने का दिन
मन की
आँखों से
आओ उस पार देख लें.

रंगों के
दिन लौट रहे
टेसू अबीर के,
छंद पढ़ें
आओ मिलकर
तुलसी कबीर के,
कृष्ण भक्ति
में मीरा के
उदगार देख लें.

नए -नए
जोड़े सूरज
को अर्घ्य दे रहे,
कुछ खाली
कुछ भरी
नाव मल्लाह खे रहे,
घाट -घाट
पर जल पंछी 
पतवार देख लें.

कवि जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र साभार गूगल 


Wednesday, 15 February 2023

एक ग़ज़ल -नज़र रहे तो सारी दुनिया अच्छी है

चित्र साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -नज़र रहे तो सारी दुनिया अच्छी है


बारिश के मौसम में धूप दिखाता है
साहब को सब पी. ए. ही समझाता है

उस्तादों को चिंता अच्छी महफ़िल की
बंज़ारा हर जंगल -घाटी गाता है

नज़र रहे तो सारी दुनिया अच्छी है
काजल तो आँखों को सिर्फ़ सजाता है

हवा उड़ा ले जाती जिसको मीलों तक
उस बादल से सूरज क्यों ढक जाता है

दरबारी कवियों का रिश्ता महलों से
तुलसी का बस रामकथा से नाता है 

सप्तशती में माँ का सुन्दर वर्णन है
पुत्र कुपुत्र भले हो माता -माता है

सिर्फ़ जंग में नहीं आपदा में सैनिक
सरहद से बाहर भी फ़र्ज़ निभाता है

कवि जयकृष्ण राय तुषार 

Monday, 13 February 2023

एक ग़ज़ल -कभी हँसते हुए ऐसी कहाँ तस्वीर मिलती है


चित्र साभार गूगल 

एक ग़ज़ल -

कभी हँसते हुए ऐसी कहाँ तस्वीर मिलती है 

मोहब्बत के फ़सानों में ही अक्सर हीर मिलती है
कभी हँसते हुए ऐसी कहाँ तस्वीर मिलती है

न पहले की तरह मौसम न वैसी धूप, बारिश है
कहाँ फूलों में भी अब फूल सी तासीर मिलती है

सुनहरी वादियाँ, परियों के किस्से बस किताबों में
हरे पत्तों में भी बुलबुल बहुत दिल गीर मिलती है 

सजाकर हम कभी रखते थे ख़त को और रिश्तों को
कहाँ अब हाथ से लिक्खी कोई तहरीर मिलती है

मुंडेरों पर कभी चिड़िया चहकती थी सुबह आकर
मकानों में न अब मिट्टी नहीं शहतीर मिलती है

सुनहरे पंख लेकर ख़्वाब में उड़ते रहे अक्सर
हक़ीक़त में मगर ऐसी कहाँ तस्वीर मिलती है

मिथक को तोड़ने इक संत काशी से चला आया
मगर मगहर को काशी सी कहाँ तक़दीर मिलती है

चित्र साभार गूगल 



कवि जयकृष्ण राय तुषार 

एक गीत -हँसी -ठिठोली, मिलना -जुलना


चित्र साभार गूगल 


एक गीत -हँसी -ठिठोली मिलना -जुलना किस्सा सिर्फ़ हुआ

हँसी -ठिठोली
मिलना -जुलना
किस्सा सिर्फ़ हुआ.
कुशल -क्षेम
पैलगी, कहाँ है
अब आशीष, दुआ.

आभाषी दुनिया
में खोया
अबका सभ्य समाज,
एक अकेला
मन का पंछी
चिंताओं के बाज़,
पिंजरे में
अब राम -राम भी
कहता नहीं सुआ.

घर में
रहकर दूर हो गयीं
ननद और भौजाई,
सिरहाने से
गायब नीरज,
नंदा औ परसाई,
छठे -छमासे
लिए मिठाई
आती कहाँ बुआ.

रामचरित मानस से
ज्यादा
भाती बेब सीरीज,
सुबह पार्क
में मिले दवा का
नुस्खा लिए मरीज़,
परदेसी
यारों से मिलना -
जुलना ख़त्म हुआ.

कवि जयकृष्ण राय तुषार
चित्र साभार गूगल 


Thursday, 9 February 2023

एक ग़ज़ल -सुनहरे ख़्वाब लेकर

चित्र साभार गूगल 
एक ग़ज़ल -सुनहरे ख़्वाब लेकर

सुनहरे ख़्वाब लेकर नींद में रहता तो अच्छा था
जो देखा था ज़माने से नहीं कहता तो अच्छा था 

बहुत मुश्किल में जीते हैं परिंदे फूल, जंगल के
इन्ही के दरमियाँ झरना कोई बहता तो अच्छा था

शहर के दोस्त, रिश्ते बस जरूरत के मुताबिक हैं
मैं अपने गाँव के माहौल में रहता तो अच्छा था

मेरी छत पर उतर आया था कोई चाँद आहिस्ता
मगर बरसात का मौसम नहीं रहता तो अच्छा था 

बगावत करके मैं भी आ गया उसके निशाने पर
जुबां को सिल के उसके ज़ुर्म को सहता तो अच्छा था

हमारी ख्वाहिशें भी हो गयीं ऊँची हिमालय से
मेरे एहसास का पर्वत नही ढहता तो अच्छा था

कहाँ अब हैँ पुराने लोग जो ठुमरी समझते हैँ
मैं दिल की बात महफ़िल में नहीं कहता तो अच्छा था 

जयकृष्ण राय तुषार 


एक गीत -स्मृतिशेष पिता को याद करते हुए

पिता की कोई तस्वीर मेरे पास नहीं है 


स्मृति शेष  पिता को याद करते हुए 


पिता!

घर की खिड़कियों

दालान में रहना।

यज्ञ की 

आहुति, कथा के

पान में रहना।


जब कभी

माँ को

तुम्हारी याद आयेगी,

अर्घ्य 

देगी तुम्हें

तुम पर जल चढ़ायेगी,

और तुम भी

देवता

भगवान में रहना।


अब नहीं

आराम कुर्सी,

बस कथाओं में रहोगे,

प्यार से

छूकर हमारा मन

समीरन में बहोगे,

फूल की

इन खुशबुओं में

लॉन  में रहना।


माँ!

हुई जोगन

तुम्हारा चित्र मढ़ती है,

भागवत 

के पृष्ठ सा 

वह तुम्हें पढ़ती है ,

स्वर्ग में

तुम भी 

उसी के ध्यान में रहना |


चाँद-तारों से 

निकलकर

कभी तो आना, 

हम अगर

भटकें, हमें फिर

राह दिखलाना,

सात सुर में

बांसुरी की

तान में रहना।


पिता!

हमने गलतियां की हैं

क्षमा करना,

हमें दे

आशीष

घर धन-धान्य से भरना,

तुम

हमारे गीत में

ईमान में रहना।

चित्र साभार गूगल 


Wednesday, 8 February 2023

एक ग़ज़ल -मेरी आँखों को नया ख़्वाब दिखाता भी नहीं

चित्र साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -नया ख़्वाब दिखाता भी नहीं


मेरी आँखों को नया ख़्वाब दिखाता भी नहीं
धूप का चश्मा कोई रंग सजाता भी नहीं

सूखते पेड़, नदी, झील, परिंदो की सदा
कोई मौसम को सही बात बताता भी नहीं

अपनी उम्मीद भी खंडहर सी विराने में कहीं
कोई आता भी नहीं है कोई जाता भी नहीं

भूख से आँधी से, बरसात से लड़ता ही रहा
पाँव भी नंगे रहे हाथ में छाता भी नहीं

दोस्ती, दुश्मनी या प्यार मोहब्बत की क़सम
आज कल कोई सलीके से निभाता भी नहीं

शाम को डूबा था फिर सुब्ह को सूरज निकला
झील में, दरिया में, सागर में समाता भी नहीं

कवि जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल 


एक पुराना गीत -रख दिया तुमने रिसीवर

  चित्र -गूगल से साभार  एक गीत --अनकहा ही रह गया कुछ  अनकहा ही  रह गया कुछ  रख दिया तुमने रिसीवर | हैं प्रतीक्षा में  तुम्हारे  आज भी कुछ प्...