![]() |
| चित्र साभार गूगल |
एक गीत-जंगल के फूल कहाँ जूड़े में खिलते हैं
धूप-छाँह
बारिश
हर मौसम में खिलते हैं ।
जंगल के
फूल कहाँ
जूड़े में मिलते हैं ।
इनको
झुलसाते हैं
आँधी, लू और आग,
उज्जयिनी
बोधगया
जाने ये क्या प्रयाग,
गर्द भरी
आँखों को
जब-तब ये मलते हैं ।
प्यास लगी
तो इनको
नदियों के घाट मिले,
गमले के
फूलों सा
कहाँ ठाट-बाट मिले,
आसपास
इनके कब
सगुन दिए जलते हैं ।
दूर प्रेम पत्रों से
वक्त की
किताबों से,
भरे हुए
ख़्वाब सभी
शहर के गुलाबों से,
मौसम को
गंधों के
कुर्ते ये सिलते हैं ।
कवि -जयकृष्ण राय तुषार
![]() |
| चित्र साभार गूगल |

