![]() |
| चित्र -गूगल से साभार |
जबान होते हुए भी जो बेजुबान रहे
हमारे मुल्क में ऐसे ही हुक्मरान रहे
जो मीठी झील में मछली पकड़ना सीख गए
परों के रहते परिन्दे वो बे -उड़ान रहे
ये बात और है ये धूप मुझसे हार गई
मगर दरख़्त कहाँ मेरे सायबान रहे
महल हैं उनके जिन्हें नींव का पता ही नहीं
मकां बनाया जिन्होंने वो बे -मकान रहे
मैं फेल होने के डर से हयात पढ़ता रहा
मेरे सफ़र में हमेशा ही इम्तिहान रहे
पतंगें रख के उड़ाना ही उनको भूल गया
मेरे शहर में धुंए वाले आसमान रहे
वो इक शिकारी था छिपकर शिकार करता रहा
शरीक- ए- ज़ुर्म थे हम भी कि इक मचान रहे
कुतुबमीनार पे चढ़कर वो हमको भूल गए
हम उनके वास्ते सीढ़ी के पायदान रहे
हमारे सिर पे जरूरत का बोझ था इतना
बुजुर्ग देह के भीतर भी नौजवान रहे
हम अपनी जंग सरहदों पे कभी हारे नहीं

