![]() |
| चित्र साभार गूगल |
एक गीत-झील से चाँद कोई निकलकर गया
झील से
चाँद कोई
निकलकर गया ।
रंग
मौसम का
सारा बदलकर गया ।
दिन
उदासी का
मेहँदी- महावर हुआ,
बालमन
से कोई
तितलियों को छुआ,
पाँव
भारी था
कोई सम्हलकर गया ।
डाल पर
एक गुड़हल
खिला है अभी,
एक ख़त
दोस्ती का
मिला है अभी,
वन में
हिरनों का
जोड़ा उछलकर गया।
ये हवा
विषभरी
कोई चन्दन बने ,
जिसमें
पारिजात
फूले वो नन्दन बने,
स्वप्न पर
मेरे कोई
अमलकर गया ।
जयकृष्ण राय तुषार
