![]() |
| चित्र -साभार गूगल |
एक प्रेम गीत- फूलों में ,घाटी में कोई बैठा रेगिस्तान में
फूलों में,
घाटी में, कोई
बैठा रेगिस्तान में ।
ढाई अक्षर
प्रेम का
किसने बोला मेरे कान में ।
अलबम में
अनगिन छवियाँ
पर कोई भाती है,
फूल से
उड़कर तितली
मेरे ऑंगन आती है,
कुछ तो
शेर मोहब्बत -
वाले होते हर दीवान में ।
मैसेन्जर को
खोल के कोई
कहता हाय हैलो ,
भींग रहा है
लोनावाला
चुपके से निकलो,
याद अजन्ता
और एलोरा की
आती सुनसान में ।
दैहिक प्यार
क्षणिक है
मन का प्यार अनूठा है,
क्षितिज कहाँ
है इन्द्रधनुष
का किस्सा झूठा है,
परिचित से
दूरी जाने क्यों
मन लगता अनजान में ।

