![]() |
| चित्र साभार गूगल |
एक गीत-पहले वाली काशी उसको और मुझे है याद
पहले वाली
काशी मुझको
और उसे है याद ।
अब वह
काशी नहीं
पढ़ रहा हूँ उसका अनुवाद।
बिना कचौड़ी गली
यहाँ का
मौसम फीका है,
वही बनारस
जहाँ घाट पर
चन्दन टीका है,
कोतवाल
भैरव,शिव जी का
दर्शन है अहलाद ।
इसमें कन्नड़
गुजराती,
मलयालम, उड़िया है,
यह संतों
का तीर्थ-
तीर्थ जादू की पुड़िया है,
वैष्णव
और अघोरी
का माँ गंगा से संवाद ।
नुक्कड़- नुक्कड़
इडली -सांभर
रसगुल्ला,छोला,
नृत्य -गीत
का परीलोक
है बंगाली टोला,
ठुमरी का
आलाप सिखाते
विदुषी को उस्ताद ।
करपात्री -
तैलंग,
विशुद्धानन्द नहीं है आज,
नहीं संत रविदास
न कीनाराम
और कविराज,
घाट -घाट पर
कैसे गूंजे
सुंदर अनहद नाद ।
भाषा बहुत
अनूठी,मौजी
काशी वाली है,
मुंह में
मघई पान दबाए
मीठी गाली है,
का हो गुरू
नमस्ते पहिले
हँसी -ठहाका बाद ।
कवि -जयकृष्ण राय तुषार
![]() |
| चित्र साभार गूगल |
.jpeg)
.jpeg)