Showing posts with label एक गीत /संध्याओं के हाथ जले हैं. Show all posts
Showing posts with label एक गीत /संध्याओं के हाथ जले हैं. Show all posts

Wednesday, 18 May 2011

एक नवगीत -संध्याओं के हाथ जले हैं

चित्र -गूगल से साभार 
पंछी पेड़ों से 
दहशत में 
उड़े मचाते शोर |
जंगल के 
सीने पर चढ़कर 
बैठा आदमखोर |

संध्याओं के 
हाथ जले हैं 
पँख तितलियों के ,
कितनी तेज 
धार वाले नाख़ून 
उँगलियों के ,
फंदा डाल 
गले में लटकी हुई 
सुनहरी भोर |

इतना सब कुछ हुआ 
मगर ये दिन भी 
कहाँ अछूता ,
फर्जी 
हर मुठभेंड़ कहाँ तक 
लिखता इब्नबतूता ,
फिर बहेलिये 
खींच रहे हैं 
नये जाल की डोर |

सपनीली 
आँखों में भी हैं 
सपने डरे हुए ,
तपती हुई 
रेत में सौ -सौ 
चीतल मरे हुए ,
जलविहीन 
मेघों के सम्मुख 
कत्थक करते मोर |
चित्र -गूगल से साभार 
[मेरा यह गीत जनसत्ता वार्षिकांक में प्रकाशित हो चुका है ]

एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...