Showing posts with label गीत/आजादी है मगर. Show all posts
Showing posts with label गीत/आजादी है मगर. Show all posts

Thursday, 8 September 2011

एक गीत -आज़ादी है मगर

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
रातें होती 
कोसोवो सी ,दिन 
लगते हैं वियतनाम से |
डर लगता है 
अब प्रणाम से |

हवा बह रही 
अंगारे सी 
दैत्य सरीखे हँसते टापू ,
सड़कों पर 
जुलूस निकले हैं 
चौराहों पर खुलते चाकू ,
धमकी भरे पत्र 
आते हैं कुछ 
नामों से कुछ अनाम से |

फूल सरीखे बच्चे 
अपनी कालोनी में 
अब डरते हैं ,
गुर्दा ,धमनी 
जिगर ,आँख का 
अपराधी सौदा करते हैं ,
चश्मदीद की 
आँखों में भय 
इन्हें कहाँ डर है निज़ाम से |

महिलाएं 
अब कहाँ सुरक्षित 
घर में हों या हों दफ़्तर में ,
बम जब  चाहे 
फट जाते हैं कोर्ट -
कचहरी अप्पूघर में ,
हर घटना पर 
गिर जाता है 
तंत्र सुरक्षा का धड़ाम से |

पंडित बैठे 
सगुन बाँचते क्या
बाज़ार ,हाट क्या मेले ,
बंजर खेत 
डोलते करइत 
आम आदमी निपट अकेले ,
आज़ादी है 
मगर व्यवस्था की 
निगाह में हम गुलाम से |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

[यह गीत जनवरी 2011में अमर उजाला के साहित्यिक परिशिष्ट में प्रकाशित हो चुका है ]

एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...