Showing posts with label एक ग़ज़ल -लिखने वाला अपने मन की प्रेम कहानी लिखता है. Show all posts
Showing posts with label एक ग़ज़ल -लिखने वाला अपने मन की प्रेम कहानी लिखता है. Show all posts

Sunday, 14 February 2021

एक ग़ज़ल -लिखने वाला अपने मन की प्रेम कहानी लिखता है

 

चित्र -साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -
लिखने वाला अपने मन की प्रेम कहानी लिखता है

कोई राँझा-हीर तो कोई राधा रानी लिखता है
लिखने वाला अपने मन की प्रेम कहानी लिखता है

मीरा को भी सबने देखा अपनी-अपनी नज़रों से
कोई कहता जोगन कोई प्रेम दीवानी लिखता है

सब अपनी तकरीर में केवल बात विदेशी करते हैं
एक है तुलसीदास जो अपनी बोली-बानी लिखता है

हम दरिया के पास में बैठे कंकड़ पत्थर फेंक रहे
रेत में चलने वाला अपनी आँख में पानी लिखता है

जीवन के हर मोड़ पे अपना प्यार बदलता जाता है
सबसे पहले ख़त में बच्चा नाना-नानी लिखता है

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

चित्र -साभार गूगल 


एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...