Thursday, 1 June 2023

एक देश गान -यह चन्दन वन है




भारत का एक प्रधानमंत्री ज़ब विदेशी भूमि पर जाता है भारत माता की जय के नारे गूँजते हैँ, वन्देमातरम से गगन गुंजायमान होता है लेकिन एक बिगड़ा हुआ राजनेता पता नहीं कौन सा संस्कार मिला है की अमेरिका मेँ जाकर चीन से हाथ मिलाकर, पाकिस्तान से सुर मिलाकर भारत माँ की प्रतिष्ठा को धूमिल करता जा रहा है. लेकिन भारत माता अपराजेय हैँ इनकी आभा स्वर्णिम है यह किसी भी प्रयास से धूमिल नहीं होगी जब तक एक भी देशभक्त जीवित रहेगा. वन्देमातरम 


एक देशगान -यह चन्दन वन है


यह चन्दन वन है

बेर, बबूलों का

इसमें अधिकार नहीं.

वे देश छोड़कर

चले जांय

जिनको भारत से प्यार नहीं.


यह वेद भूमि

यह कर्म भूमि

गौरव ग्रंथों की माटी है,

रत्नो से भरे

महासागर, हिमगिरि

फूलों की घाटी है.

वे आँखे अंधी

हो जाएँ

जिनको दिखता सम्भार नहीं.


यह शांति, सुमंगल

शिव स्वरूप

जग के खातिर विषपाई है,

यह ज्ञान, भक्ति का

अमिय कलश

गीता, मानस चौपाई है,

वह राजनीति है

अधम जहाँ

माता के प्रति आभार नहीं.

इस भारत मेँ

गंगा बहती

यह माता शेरों वाली है,

कामाख्या

कांची, कामकोटि

दुर्गा शतरूपा, काली है

यह वीरों को

वर देती है

माफ़ी पाते गद्दार नहीं 

कवि -जयकृष्ण राय तुषार




Sunday, 21 May 2023

एक ग़ज़ल -जिसकी गीता वही अदालत में



यह देश का दुर्भाग्य है की सनातन धर्म सबसे प्राचीन होते हुए भी प्रभु श्रीराम, शिव. भगवान श्री कृष्ण पर अदालतों में मुक़दमे चल रहे हैँ. यूरोप अमेरिका में कभी अदालत में ईसा मसीह को सबूत नहीं देना पड़ता. आजादी के समय ही यह तय हो जाना चाहिए था कि भारत का आदर्श बाबर होगा या श्री राम. भारत का विभाजन ज़ब धर्म के आधार पर हुआ तो भारत हिन्दू राष्ट्र क्यों नहीं संविधान और विभाजन दोनों हिन्दुओं के साथ षड्यंत्र था जिसके कारण आज शिव और कृष्ण का अस्तित्व संकट में है. क्या ऐसा कोई देश है जहाँ ईश्वर अदालत में हो जिसकी गीता की शपथ राष्ट्रपति और न्यायधीश भी लेते हैँ. संविधान का पुनरलेखन होना चाहिए हमारा अधिकार है हिन्दू राष्ट्र होना. ताकि ईश्वर को देश की अदालतों में जलील न होना पड़े. केंद्र सरकार कड़ा क़ानून बनाकर मुगलों द्वारा ध्वस्त मंदिरों का अधिग्रहण करे और उनका नव निर्माण.हर हर महादेव.



एक ग़ज़ल -जिसकी गीता वही अदालत में

नीम के घर में पाम है साहब
क्या ये मौसम का काम है साहब

जिसकी गीता वही अदालत में
अब तो अपना निज़ाम है साहब

जो भी करना है फैसला करिए
सृष्टि की ध्वनि में राम है साहब

जितने मंदिर हमारे टूटे हैँ
सबमें बाबर का नाम है साहब

ज्ञान का कूप ज्ञान वापी है
क्यों मुकदमा बनाम है साहब

काशी, मथुरा की देखकर पीड़ा
दुःख में अब चारो धाम हैँ साहब 

बादलों ने गगन को घेरा है
वरना जाड़े में घाम है साहब

छिपके मरीचि वन में बैठे हैँ
स्वर्ण मृग सी ये शाम है साहब
प्रभु श्रीराम 











Friday, 19 May 2023

एक गीत -बंजारन बाँसुरी बजाना

 

 

चित्र साभार गूगल 

एक गीत -बंजारन बाँसुरी बजाना 

मद्धम सुर हो या हो पंचम 
बंजारन  बाँसुरी बजाती जा.
महलों में गीत नहीं गाना
तू पठार, बस्ती में गाती जा.


मौसम को दोष नहीं देना
वन फूलों जैसा ही खिलना,
हँसकर के तितली को छूना
पात भरे पेड़ों से मिलना.
थकी हुई पर्वत की घाटी
श्वेत परी नेह से बुलाती जा.

कत्थक मुद्राएँ, गन्धर्व नहीं
नौटंकी, लोककला हाशिए,
उज्जयिनी नवरत्नो से विहीन
शब्द, अर्थ भूलते दूभाषिए,
गंगा तो निर्गुण भी सुनती है
एक दिया लहर पर जलाती जा.

नीलकमल झीलों में मुरझाए
लहरों पर जलकुम्भी इतराए,
रिश्तों से रीत गया आँगन
बरसों से दरपन धुंधलाये,
हाथों से मेघों को बीनकर
छत पर कुछ चाँदनी सजाती जा.

कवि जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र साभार गूगल 

Tuesday, 2 May 2023

एक गीत -सूनेपन के माथ सजा दो

चित्र साभार गूगल 

एक गीत -सूनेपन का माथ सजा दो 

सूनेपन का 
माथ सजा दो
चन्दन, रोली.
सुविधाओं ने
छीन लिया है
हँसी -ठिठोली.

रंग -गंध से
रिक्त हुई
फूलों की घाटी,
परदेसी को
याद कहाँ
अब सोंधी माटी,
मन को
ऊर्जा देती
अब भी गँवई बोली.

गीतों से
गायब होते
मौसम बहार के,
संध्याएँ
अब मौन
नहीं हैं स्वर सितार के,
दीप शिखाएँ
ढूँढ रही हैँ
ठुमरी, होली.

आँगन ही
अब नहीं
चाँदनी कौन निहारे,
कृत्रिम समय
को पुनः
बदलना होगा प्यारे,
आओ
नदियों में
फेंके आटे की गोली.

जयकृष्ण राय तुषार 

Saturday, 11 March 2023

एक गीत -भूले बिसरे लोग सफ़र में


चित्र साभार गूगल 



दो रंगो के फूल शाख पर

भूले बिसरे
लोग मोड़ पर
मिलते कभी -कभी.
दो अनजाने 
साथ सफ़र में
चलते कभी -कभी.

सपनों के
भी रंग
गुलाबी, पीले, काही से,
अच्छे मौसम
को लिखना
खुशबू की स्याही से,
दो रंगों के 
फूल डाल पर
खिलते कभी -कभी.

सुंदर पंखो
वाली चिड़िया
लौटी बरसों बाद,
उसे देखकर 
गीत पुराना
आया फिर से याद,
आँचल के
साये में दीपक
जलते कभी -कभी.

यात्राओं में भी
हम कितने
रिश्ते बुनते हैँ
राग पहाड़ी
में खो जाते
वंशी सुनते हैँ,
बिना हवाओं
के भी पत्ते
हिलते कभी -कभी.

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल 

Wednesday, 8 March 2023

कुछ दोहे -तुलसी के भी राम हैँ कबिरा के भी राम


सीता राम 



रामराज्य की देखिए सुंदर सी तस्वीर
तुलसी भी सुख चैन से दुःख में नहीं कबीर

निराकार, साकार कवि चाहे जो दे नाम
तुलसी के भी राम हैँ कबिरा के भी राम

खत्म हुआ वनवास फिर घर लौटे श्रीराम
दीपोत्सव की ज्योति में जगमग सरयू धाम

पशु, पक्षी, किन्नर, अधम वनवासी से प्यार
सकल सृष्टि कण मात्र में ईश्वर का संसार

बरसाना, ब्रजभूमि हो या सरयू का धाम
सबके राधा श्याम हैँ सबके सीता राम

काशी में सब पुण्य है शिव संग गंगा नीर
एक साथ में अर्घ्य दें वैष्णव, शैव, कबीर

ईश्वर सच्चे भक्त का करते हैँ उद्धार
राम प्रिया फिर हो गयी शबरी सी लाचार

पूजा, जप, तप, आस्था सत्य सनातन मूल
श्रद्धा हो सब ठीक है गुड़हल, गेंदा फूल

शुक्ल पक्ष में चैत में नवमी का आभार
रावण के संहार को लिए राम अवतार

चित्रकूट, श्रृंग्वेरपुर, भारद्वाज के राम
जिस पथ में पग राम के समझो चारो धाम

रामचरित किसने लिखा गोस्वामी के बाद
मौलिकता के सामने टिका कहाँ अनुवाद

सिंहासन जिसको मिला उसे हुआ अभिमान
त्रेता में भाई भरत सिर्फ रख सके मान

गंगा, जमुना, नर्मदा या सरयू के तीर
सबके अपने पुण्य हैँ सबकी अपनी पीर

संतों, ऋषियों का ऋणी यह आर्यों का देश
हमें दे गए ज्ञान का वैभव युक्त प्रदेश

कवि जयकृष्ण राय तुषार

सभी चित्र साभार गूगल 

राधा कृष्ण 


Thursday, 2 March 2023

एक ग़ज़ल -इस बार होली में

चित्र साभार गूगल 

चित्र साभार गूगल 

मित्रों आप सभी को रंगों के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनायें

बुरा न मानो होली है यह सनातन पर बना रहे सभी के जीवन में खुशियों का रंग बिखेरता रहे.

एक ग़ज़ल -होली में


न पहले की तरह मस्ती नहीं किरदार होली में
बिना शब्दों की पिचकारी के हैँ अख़बार होली में

न फगुआ है न चैता है नहीं करताल ढोलक है
भरे रिमिक्स गानों से सभी बाज़ार होली में

पुलिस, सैनिक हमारे पर्व में ड्यूटी निभाते हैँ
सदा खुशहाल उनका भी रहे परिवार होली में 

निराला, पंत, बच्चन, रामजी पांडे के दिन क्या थे
महादेवी के घर कवियों का था दरबार होली में 

सियासत की खुशामद कीजिए सच बोलिएगा मत
कहाँ अब व्यंग्य सुनती है कोई सरकार होली में

व्यवस्था न्याय की मँहगी, बिलंबित औ थकाऊ है
इसे मी लार्ड थोड़ा दीजिये रफ़्तार होली में 

नयन काजल लगाए रास्ते में छू गया कोई
गुलाबी हो गए मेरे सभी अशआर होली में

हमारा राष्ट्र सुंदर है हमारी संस्कृति अनुपम
हमारे राष्ट्र के दुश्मन जलें इस बार होली में 

शहर में बस गए बचपन के साथी गाँव सूने हैँ
अबीरें रख के तन्हा है मेरा घर द्वार होली में 

नहीं अब फूल टेसू के मिलावट रंग, गुझिया में
कहो मौसम से अब कोई न हो बीमार होली में 

मवाली माफिया जेलों में बिरयानी लिए बैठे
कहाँ सिस्टम में खामी सोचिए सरकार होली में

नहीं अब कृष्ण, राधा हैँ न गोकुल, नन्द बाबा हैँ
कहाँ अब गोपियों सी भक्ति सच्चा प्यार होली में

नहीं चौपाल पर अब भाँग, सिलबट्टा न होरी है
न भाभी और देवर की बची मनुहार होली में

गली में झूम जोगीरा सुनाती मण्डली गायब
शिवाले पर नहीं पहले सी अब जयकार होली में

कवि जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र साभार गूगल 


Saturday, 25 February 2023

एक ग़ज़ल -शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए

चित्र साभार गूगल 

दैनिक जनसंदेश टाइम्स लख़नऊ 


एक ग़ज़ल -शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए 


कौन बाक़ी है मेरा राज़ बताने के लिए
अब कोई ख़त भी नहीं घर में छिपाने के लिए

प्यास तो नदियाँ बुझाती हैं ज़माने भर की
वो समंदर है अहं अपना दिखाने के लिए

भूख और प्यास लिए बैठे परिंदे छत पर
नींद ने समझा कि आते हैं जगाने के लिए

खुद से हो जंग तो मैं हारूँ या जीतू लेकिन
घर से निकला तो सभी आये मनाने के लिए

लोग पढ़ लेते हैं जैसे कोई अख़बार हूँ मैं
कुछ नहीं बाकी है अब सुनने सुनाने के लिए

उससे चुपचाप किसी मोड़ पे मिल लेता हूँ
शोख ग़ज़लों में तसव्वुर को सजाने के लिए

फूल तो खुशबू ही देते रहे आदिम युग से
सिर्फ़ पत्थर ही मिले आग जलाने के लिए

ग़म ख़ुशी सारे ही किरदार कहानी में मेरे
हमने कब सोच के लिखा था ज़माने के लिए 

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल 


Thursday, 23 February 2023

एक गीत -एक चिड़िया शाख पर गाती हुई


चित्र साभार गूगल 

एक गीत -एक चिड़िया शाख पर गाती हुई 


एक चिड़िया
शाख पर गाती हुई 
इस शहर की चुप्पियों को तोड़ती है.


भूख से व्याकुल
मगर संगीतमय है,
साधना के साथ
भाषा, अर्थ -लय है,
नींड़ के निर्माण का 
सपना लिए 
नींद में भी रोज तिनका जोड़ती है.

नहीं छुट्टी है नहीं
इतवार कोई,
नाव बिन माँझी
नहीं पतवार कोई,
इस नदी की
आरती मत छोड़ना
आस्था के साथ रिश्ते जोड़ती है.

घास धानी, हरी
मौसम फूल के,
पाँव में निखरे
महावर धूल के,
रास्ते लम्बे पथिक
विश्राम कर
प्यास भी पगडंडियो को मोड़ती है.

खिलखिलाकर
धूप -बादल हँस रहे,
घने वन में दौड़
चीतल फँस रहे,
शीश पर मटका
दिये भी जल रहे
एक बंजारन कला कब छोड़ती है.

कवि -जयकृष्ण राय तुषार

12 मार्च 2023 को अमर उजाला में प्रकाशित होगया 



चित्र साभार गूगल 


Wednesday, 22 February 2023

पद्मश्री शोवना नारायण को गीत संग्रह भेंट करते हुए

पद्मश्री शोवना नारायण जी को गीत संग्रह भेंट करते हुए
. साथ में श्री राजेश प्रसाद निदेशक इलाहाबाद म्यूजियम 


एक पुराना गीत -रख दिया तुमने रिसीवर

  चित्र -गूगल से साभार  एक गीत --अनकहा ही रह गया कुछ  अनकहा ही  रह गया कुछ  रख दिया तुमने रिसीवर | हैं प्रतीक्षा में  तुम्हारे  आज भी कुछ प्...