Monday, 8 November 2021

एक ग़ज़ल-उसको तो बस वृन्दावन तक जाना है


चित्र साभार गूगल 

एक ग़ज़ल-सूरदास को वृन्दावन तक जाना है


फूल,तितलियाँ, खुशबू सिर्फ़ बहाना है

तुमसे ही हर मौसम का अफ़साना है


नींद टूटने पर चाहे जो मंज़र हो

आँखों को तो हर दिन ख्वाब सजाना है


भूख-प्यास सब भूले चिंता ईश्वर की 

सूरदास को वृन्दावन तक जाना है


जीवन का रंग बदले हर दिन मौसम सा

हर दिन इसमें रूठना और मनाना है


आसमान से सभी परिंदे लौट रहे

रहने को बस धरती एक ठिकाना है

कवि-जयकृष्ण राय तुषार



                             
चित्र साभार गूगल 



Wednesday, 3 November 2021

एक गीत-राम का जयगान करती दीपमाला है

 


गीत-राम का जयगान करती दीपमाला है


राम का

जयगान 

करती दीपमाला है ।

यह सनातन

धर्म का

अप्रतिम उजाला है ।


कर रही

श्रृंगार सरयू

चमक आँखों में,

फूल में

खुशबू,हरापन

दग्ध शाखों में,

एक अनहद

नाद के

स्वर में शिवाला है ।


हँस रही

सारी अयोध्या

रात चन्दन है,

सिया के

प्रिय राम जी का

आज वन्दन है,

विष्णु के

अवतार का

हर रंग निराला है ।


देव ऋषिआम

गन्धर्व

जिसकी वंदना करते,

वही केवट

से विनयवत 

याचना करते,

राम का

दो शब्द ही

अमृत का प्याला है।


जयकृष्ण राय तुषार



एक आस्था का गीत-ज्योति जो जलती रहे वो दिया श्रीराम का हो

 


सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं


एक गीत-ज्योति जो जलती रहे वो दिया श्रीराम का हो


घर का 

दीपक हो या

सरयू के पुण्य धाम का हो ।

ज्योति जो

जलती रहे वो

दिया प्रभु श्रीराम का हो ।


अब न वनवास हो

माँ सीता का

अपमान न हो,

आसुरी 

शक्तियों का

देश मे गुणगान न हो,

शंख ध्वनि

मंत्रों से स्वागत

अब सुबह-शाम का हो ।


राम तो सबके

हैं जन-जन के

हैं सुखदायी हैं,

पुत्र हैं राजा हैं

वनवासी

मित्र,भाई हैं,

भक्त हनुमान से

कीर्तन हो

तो प्रभु नाम का हो ।

जयकृष्ण राय तुषार



एक ग़ज़ल -चाँदनी रातों में परियों की कहानी है कहाँ

 

चित्र साभार गूगल 



एक ग़ज़ल -
चाँदनी रातों में परियों की कहानी है कहाँ
इन परिंदो के लिए अब दाना पानी है कहाँ

जाति-मज़हब के बबूलों से ये चन्दन वन भरा
ख्वाब में जो थी वो चम्पा-रातरानी है कहाँ

इस सियासत में युगों से राम को वनवास है
अब खड़ाऊँ पूजती वो राजधानी है कहाँ

बदहवासी में कोई जिन्ना की माला जप रहा
अब महल में एक भी बेगम सयानी है कहाँ

सिर्फ़ तलवारों के बलपर जिनके सिंहासन रहे
ढूँढिए इतिहास में वो राजा,रानी है कहाँ

अपनी ही आवाज़ सुनकर मुग्ध हैं सारे कुएँ
पर हक़ीक़त है कि दरिया सी रवानी है कहाँ

रहनुमा,वोटर,सियासत सब बिकाऊ है यहाँ
बस किताबों में लिखा,ईमान 'जानी' है कहाँ



Tuesday, 12 October 2021

एक ग़ज़ल -उसी के क़दमों की आहट

 

चित्र साभार गूगल 

मित्रों मेरी यह ग़ज़ल भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित 'हिंदी की बेहतरीन ग़ज़लें 'साझा संग्रह में प्रकाशित है |स्मृतिशेष रवीन्द्र कालिया जी और श्री ज्ञानप्रकाश विवेक जी के सम्पादन में |

एक ग़ज़ल -उसी के क़दमों की आहट 

उसी के क़दमों की आहट सुनाई देती है 
कभी -कभार वो छत पर दिखाई देती है 

वो एक ख़त है जिसे मैं छिपाए फिरता हूँ 
जहाँ खुलूस की स्याही दिखाई देती है 

मैं उससे बोलूँ तो वो चुप रहे ख़ुदा की तरह 
मैं चुप रहूँ तो ख़ुदा की दुहाई देती है 

तमाम उम्र उँगलियाँ मैं जिसकी छू न सका 
वो चूड़ी वाले को अपनी कलाई देती है 

वो एक बच्ची खिलौनों को तोड़कर सारे 
बड़े खुलूस से माँ को सफ़ाई देती है 
जयकृष्ण राय  तुषार 
एक पुरानी पोस्ट 

श्री रवीन्द्र कालिया
पूर्व निदेशक भारतीय ज्ञानपीठ 

अपने शानदार लेखन और बेजोड़ सम्पादकीय हुनर के लिए भारतीय ज्ञानपीठ के पूर्व निदेशक और नया ज्ञानोदय के पूर्व सम्पादक रवीन्द्र कालिया हमेशा याद किये जाते रहेंगे | डॉ धर्मवीर भारतीय के साथ धर्मयुग से लम्बे समय तक जुड़े रहने के बाद इलाहाबाद में कालिया जी ने गंगा -जमुना का सम्पादन कर पत्रकारों की एक पीठी तैयार किया | ज्ञानपीठ को सचल बनाया और इलाहाबाद आकर ज्ञानपीठ ने अमरकांत को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया |नया ज्ञानोदय के कई लोकप्रिय विशेषांक कालिया जी के संपादन में प्रकाशित हुए जिसमें युवा विशेषांक ,प्रेम महाविशेषांक और ग़ज़ल महाविशेषांक विशेष रूप से चर्चित रहे | ग़ज़ल महाविशेषांक में उर्दू हिंदी गजलकारों को साथ -साथ प्रकाशित किया गया | बाद में उर्दू की बेहतरीन ग़ज़लें किताब के रूप में हमारे सामने आ गयी |अब हिंदी की बेहतरीन ग़ज़लें पुस्तक रूप में हमारे सामने है |इस किताब के प्रधान सम्पादक रवीन्द्र कालिया और सम्पादक ज्ञानप्रकाश विवेक हैं |इस संग्रह में कुल 64 गजलकारों को सम्मलित किया गया है |अमीर खुसरो ,कबीर ,भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ,बद्रीनारायण उपध्याय प्रेमघन ,प्रताप नारायण मिश्र ,स्वामी रामतीर्थ ,लाला भगवानदीन ,मैथलीशरण गुप्त ,जयशंकर प्रसाद ,निराला ,त्रिलोचन ,शमशेरबहादुर सिंह दुष्यंत कुमार ,बलवीर सिंह रंग ,शलभ श्रीराम सिंह ,रामावतार त्यागी ,हरजीत सिंह ,अदम गोंडवी सहित तमाम आधुनिक गजलकार [मैं भी ] इस संग्रह में शामिल हैं |हम भाई ज्ञानप्रकाश विवेक ,आदरनीय रवीन्द्र कालिया और भारतीय ज्ञानपीठ के आभारी हैं ग़ज़ल विधा पर इस सुन्दर संकलन के लिए |


पुस्तक का नाम -हिन्दी की बेहतरीन ग़ज़लें 
सम्पादक -रवीन्द्र कालिया 
प्रकाशक -भारतीय ज्ञानपीठ ,नई दिल्ली 
मूल्य -रु० -180 [सजिल्द ]

चित्र साभार गूगल 


Monday, 4 October 2021

एक प्रेमगीत-अच्छा सा मौसम हो

 

चित्र साभार गूगल

एक प्रेमगीत-अच्छा सा मौसम हो


शीशे की

खिड़की में

कोई तुमसा दिखता हो।

अच्छा सा

मौसम हो

कोई कविता लिखता हो।


नाव वहीं हो

गंगा-जमुना

मिली जहाँ हँसकर,

एक अजनबी

डरकर बाहों में

जकड़े कसकर,

नज़र झुकाए

कोई हँसकर

नीचे तकता हो ।


बेमौसम

बारिश हो

भींगे फूलों पर तितली,

आँखों में

काजल,सावन हो

होठों पर कजली,

झीलों में

डूबा-उतराता

सूरज दिखता हो ।


नुक्कड़-नुक्कड़

काशी 

मुँह में पान दबाए हो,

कोई जुड़े में

फूलों का

लॉन सजाए हो,

अपना ही

श्रृंगार देखकर

दरपन हँसता हो ।

कवि-जयकृष्ण राय तुषार


चित्र साभार गूगल


चित्र साभार गूगल

Wednesday, 29 September 2021

एक गीत-उत्तर प्रदेश

 

 

काशी



यह पुण्य देवभूमि है

यह पुण्य देवभूमि है
यहाँ न कोई क्लेश है ।
ध्वज लिए विकास का
यह अग्रणी प्रदेश है
यह उत्तर प्रदेश है, यह उत्तर प्रदेश है ।

सुबहे काशी है यहीं
यहीं अवध की शाम है,
यह संत,ऋषि,विचारकों
औ ज्ञानियों का धाम है,
कला,कौशल विकास
हेतु पूँजी का निवेश है।
यह उत्तर प्रदेश है ,यह उत्तर प्रदेश है।

गंगा,जमुना,सरयू
पुण्य नदियों का प्रवाह है,
अनेकता में एकता का
प्रेम से निबाह है,
सारनाथ,कुशीनगर
बुद्ध का उपदेश है,
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

काशी ,मथुरा,वृंदावन
गुरु गोरख यहीं मिले,
राम की अयोध्या में
अखण्ड दीप लौ जले,
परम्परा, नवीनता का
इसमें समावेश है ।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

चौरी-चौरा,झाँसी, मेरठ की
जमीन लाल है,
तीर्थ ये शहीदों का
ये क्रांति की मशाल है,
गौ माता का रक्षक है
ये किसानों का सुदेस है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

चित्रकूट,श्रृंगवेरपुर
यहीं प्रयाग है,
विश्व पर्व कुम्भ 
इसमें धूनियों की आग है,
शिक्षा,ज्ञान,योग औ
अध्यात्म में विशेष है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

रक्षक है सर्वधर्म की
माँ भारती महान है,
तुलसी के संग कबीर
औ रविदास जी का मान है,
माँ विन्ध्वासिनी की
दिव्य शक्ति भी अशेष है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

स्वदेश के लिए यहाँ
बलिदान एक पर्व है,
झलकारी बाई,झाँसी
की रानी पर इसको गर्व है,
यह मंगल पांडे,बिस्मिल
और आज़ाद का प्रदेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

यह विश्व राजनीति का
महान एक केंद्र है,
यहाँ का वीर सरहदों पे
बज्र ले महेंद्र है,
विभिन्न भाषा,बोलियाँ
विभिन्न भूषा-वेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

बिरहा, कजरी ,आल्हा
इसके मौसमों का गीत है,
धान-पान धानी-हरे
गेहूँ स्वर्ण-पीत है,
झील-ताल खिलते कमल
खुशबुओं का देश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

राज्य का प्रतीक चिन्ह
मत्स्य और तीर है,
वृक्ष है अशोक, पुष्प
टेसू ज्यों अबीर है,
स्त्रियों के मान और
सम्मान का आदेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

कवि जयकृष्ण राय तुषार




कवि-जयकृष्ण राय तुषार


Tuesday, 21 September 2021

एक गीत-चाँदनी निहारेंगे

 

चित्र साभार गूगल

एक गीत-चाँदनी निहारेंगे


रंग चढ़े

मेहँदी के

मोम सी उँगलियाँ ।

धानों की

मेड़ों पर

मेघ औ बिजलियाँ ।


खुले हुए

जूड़े और

बच्चों के बस्ते,

हँसकर के

खिड़की से

सूर्य को नमस्ते,

फूलों का

माथ चूम

उड़ रहीं तितलियाँ ।


 ढूँढ रहे

अर्थ सुबह

रातों के सपने,

रखकर

ताज़ा गुलाब

पत्र लिखा किसने,

आटे की

गोली सब

खा गयीं मछलियाँ ।


आहट

दीवाली की

किस्से रंगोली के,

दिन लौटे

दिए और

पान-फूल रोली के

चाँदनी

निहारेंगे छत

आँगन-गलियाँ ।



Thursday, 16 September 2021

एक गीत-हिंदी रानी माँ सी

 


एक गीत-हिंदी रानी माँ सी


पखवाड़ा भर

पूजनीय है

बाकी दिन है दासी ।

सिंहासन अब

उसे सौंप दो

हिंदी रानी माँ सी ।


किसी राष्ट्र का

गौरव उसकी

आज़ादी है भाषा ,

संविधान के

षणयंत्रों से

हिंदी बनी तमाशा,

पढ़ती रही

ग़ुलामों वाली

भाषा दिल्ली,काशी ।


कैसा है

वह राष्ट्र न 

जिसकी अपनी बोली-बानी,

टेम्स नदी में

ढूंढ रहे हम

गंगाजल सा पानी,

गढ़ो राष्ट्र की

मूरत सुंदर

सीखो संग तराशी ।


बाल्मीकि,

तुलसी,कबीर हैं

निर्मल जल की धारा,

भारत अनगिन

बोली,बानी का

है उपवन प्यारा,

अपनी संस्कृति

और सभ्यता

कभी न होगी बासी ।

जयकृष्ण राय तुषार



Wednesday, 8 September 2021

एक देशगान-उस भारत का अभिनन्दन है

 


एक देशगान-उस भारत का अभिनन्दन है


जिसका पानी

गंगाजल है

हर पेड़ जहाँ का चन्दन है।


जिसकी झीलों में

कमल पुष्प

उस भारत का अभिनन्दन है।


जिसकी सुबहें

सोने जैसी 

दिन रजत ,ताम्र संध्याएँ हैं,

जिसके हिमगिरि

नभ,चाँद सुभग

वेदों संग परीकथाएँ हैं,

जिसके सागर में

रत्न सभी

जिसका हर उपवन नन्दन है।


जहाँ राम कृष्ण

शिव शंकर हैं

ऋषियों मुनियों के पुण्य धाम,

जहाँ सत्य अहिंसा

परम धर्म

जहाँ गौ को माँ का दिए नाम,

जिसमें अनगिन

ऋतुएँ, मौसम

सूरज का मणिमय स्यंदन है।


जहाँ एकलव्य

उद्दालक हैं

शिबि,कर्ण, सरीखे दानवीर,

जहाँ व्यास पाणिनि

शंकर हैं

जहाँ बाल्मीकि,तुलसी,कबीर,

जहाँ सीता,गीता

सावित्री और

अनुसूया का वन्दन है।


कवि -जयकृष्ण राय तुषार

भारत माता


एक पुराना गीत -रख दिया तुमने रिसीवर

  चित्र -गूगल से साभार  एक गीत --अनकहा ही रह गया कुछ  अनकहा ही  रह गया कुछ  रख दिया तुमने रिसीवर | हैं प्रतीक्षा में  तुम्हारे  आज भी कुछ प्...