Wednesday, 10 March 2021

एक गीत-पता-ठिकाना लिखने वाला नाम हमारा लिखता है

चित्र साभार गूगल


एक गीत-


पता-ठिकाना

लिखने वाला

नाम हमारा लिखता है ।

ख़त में जो

मज़मून लिखा है

और किसी का दिखता है ।


मेरा किस्सा 

कैसे होता

मैं तो इक बंजारा हूँ

झरने-बादल

ढूंढ रहा हूँ

मरुथल का चिंकारा हूँ

लिखने वाला

प्यास हमारी

और के नाम से लिखता है ।


तरु की छाया

फूल न कोई

गर्म हवा के साथ तपन,

आदमख़ोर

धूप के पंजों से 

घायल कुछ और हिरन ,

आँधी और

अगन में

कितनी देर हरापन टिकता है ।

जयकृष्ण राय तुषार




चित्र साभार गूगल

Saturday, 6 March 2021

एक ग़ज़ल-ग़ज़ल के वास्ते बस शाम का मंज़र चुराता हूँ

 

चित्र -साभार गूगल 



एक ग़ज़ल-

ग़ज़ल के वास्ते बस शाम का मंज़र चुराता हूँ


मैं शाख़ -ए -गुल सभी के साथ में रिश्ता निभाता हूँ

गले का हार बनता हूँ कभी जूड़े सजाता हूँ


सुगम संगीत की वंशी,पखावज़ और तबला हूँ

कभी कीर्तन सुनाता हूँ कभी महफ़िल सजाता हूँ


सितारों ने दिया मुझको हथौड़ा,आग भट्ठी की

मैं दुनिया के लिए रत्नों की अँगूठी बनाता हूँ


सब उगते सूर्य को करते नमन ऐसी कहावत है

मैं अस्ताचल के सूरज के लिए दीपक जलाता हूँ


तुम्हें सौन्दर्य पर अपने अहं है पर हक़ीकत ये

गुसलखाने का दरपन हूँ तुम्हें हर दिन सजाता हूँ


समझते हैं सभी मुझको ग़ज़ल का शेर कहता हूँ

मैं अपने चाहने वालों  का ही किस्सा सुनाता हूँ


समन्दर की लहर से एक भी मोती नहीं लेता

ग़ज़ल के वास्ते बस शाम का मंज़र चुराता हूँ


सभी के हँसने -रोने में जरा सा फ़र्क होता है

मैं रोता हूँ तो इक रुमाल से आँसू छिपाता हूँ


जयकृष्ण राय तुषार


 

चित्र -साभार गूगल 


Thursday, 4 March 2021

एक ग़ज़ल -रंगोली की उँगलियों को ये पिचकारी सिखाती है

 

चित्र-साभार गूगल 

आदि शंकराचार्य महान पंडित मंडन मिश्र को हरा दिए थे लेकिन उनकी विदुषी पत्नी भारती से काम के प्रश्न पर पराजित हुए थे क्योंकि ब्रह्मचारी थे।शंकर से मेरा आशय आदि गुरु शंकराचार्य जी से ही है।सादर

एक ग़ज़ल-

रंगोली की उँगलियों को ये पिचकारी सिखाती है 

तजुर्बे से लड़कपन को समझदारी सिखाती है 

ये माँ ! रोते हुए बच्चे को किलकारी सिखाती है 


ये हिन्दू है तो गीता और रामायण,पढ़ाती है

मुसलमा हो तो रोज़ा और इफ्तारी सिखाती है


ब्रितानी फौज़ से लड़ जाती है झाँसी की रानी बन

नमक का हक़ अदा करना भी झलकारी सिखाती है


हमारे पर्व दिल में रौशनी और रंग भरते हैं 

रंगोली फागुनी मौसम में पिचकारी सिखाती है 


भरोसा अब भी अपनी देश की सेना पे कायम है

जो सरहद की हिफ़ाज़त और वफ़ादारी सिखाती है


किसी की संधि बीजिंग से किसी की पाक से गुप् चुप

सियासत भी वतन के साथ गद्दारी सिखाती है 


अंह जब ज्ञान का बढ़ जाय शंकर हार जाता है 

प्रसव का ज्ञान दुनिया को महज नारी सिखाती है 


भ्रमर ,तितली ,पतंगे ,संत ,आशिक सब यहाँ आते 

सभी को बाँटना खुशबू ये फुलवारी सिखाती है 


ये दुनिया नाट्यशाला है सभी का रोल अपना है

विदूषक को हँसाने की अदाकारी सिखाती है


ये लड़की चल रही रस्सी पे इसको मत हुनर कहना 

गरीबी भी जमाने को कलाकारी सिखाती है 


कवि /शायर -जयकृष्ण राय तुषार 

चित्र साभार गूगल 


Tuesday, 2 March 2021

एक ग़ज़ल -नदी प्यासे परिंदो को तो बस पानी पिलाती है

चित्र -साभार गूगल 


एक ग़ज़ल  -

नदी प्यासे परिंदो को तो बस पानी पिलाती है

ज़माने भर को मलबा और पत्थर कब दिखाती है
नदी प्यासे परिंदो को तो बस पानी पिलाती है

बहुत गुस्से जब हो तब भँवर में खींच लेती है
वगरना डूबती कश्ती,मुसाफ़िर को बचाती है

भले वह मायके में हो हरेक बर्तन में हँसती है
मेरी यादों की इक बुलबुल हमारे साथ गाती है


हवा संग धूल भी लाता है पर मैंने खुला रक्खा
इस रौशनदान में आकर मुझे चिड़िया जगाती है

हमारी ख़्वाहिशें रहती हैं बस सोने के फ्रेमों में
ये चिड़िया घर बनाने के लिए तिनका जुटाती है

तुम्हें दिल्ली पहुँचना है तो कैसे हमसफ़र होंगे
हमारी ट्रेन नौचंदी ,मुरादाबाद जाती है

अगर हो हौसला दिल में अपाहिज मत उसे कहना
सुधा चन्द्रन जमाने को भरतनाट्यम सिखाती है

बदलते दौर में खंज़र कमर से बाँधकर रखना
भली लड़की को यह दुनिया ही बेचारी बनाती है
सुप्रसिद्ध अभिनेत्री नृत्यांगना सुधा चन्द्रन जी 


Sunday, 28 February 2021

एक ग़ज़ल-यक्ष प्रश्नों से भरा था जल तुम्हारी झील का

 

चित्र -गूगल से साभार 

एक ग़ज़ल-

यक्ष प्रश्नों से भरा था जल तुम्हारी झील का


अब कोई पत्थर नहीं दिखता पुराना मील का

जब से जारी हो गया नक्शा नई तहसील का


राम की इच्छा हो तो पानी पे पत्थर तैरते

शाप था वरदान कैसे हो गया नल-नील का


वक्त पर फिर से युधिष्टिर आ गए अच्छा हुआ

यक्ष प्रश्नों से भरा था जल तुम्हारी झील का


इन अँधेरों की भयावहता क्षणिक है मत डरो

नष्ट कर देगा इन्हें आलोक इक कंदील का


मेरी उसके साथ में तस्वीर चर्चाओं में है

शुक्रिया उसका कहूँ या कैमरे की रील का


जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -आईना हूँ सच कह दूँ तो नाराज़ न होना

 


चित्र -साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -

आईना हूँ सच कह  दूँ तो नाराज़ न होना 


ऐ हुस्न की मलिका कभी 'मुमताज़ 'न होना 

दुनिया का तमाशा हो तो ये ताज़ न होना 


सब अपनी मोहब्बत का फ़साना लिए बैठे 

अब ऐसे फ़सानों का तू हमराज़ न होना 


अब राजा प्रतिज्ञा में न वनवास कभी दे 

अब मेरी अयोध्या कभी बेताज न होना 


ये सारे कसीदागो क़सीदा ही पढ़ेंगे 

आईना हूँ सच कह दूँ तो नाराज़ न होना 


आकाश में उड़कर के इसी नीड़ में आना 

जो खत्म न हो ऐसी भी परवाज़ न होना 


कुछ कहना है कुछ सुनना भी बरसों पे मिले हैं 

अब लाज-शरम, चुप्पी का कोलाज न होना


तुलसी, ये नए फूल सहन में ही लगा दो 

पूजा के लिए माली का मोहताज़ न होना 


जयकृष्ण राय तुषार 

ताजमहल -चित्र साभार गूगल 


Saturday, 27 February 2021

एक ग़ज़ल -पहाड़ों में कोई रस्ता कहाँ आसान दिखता है

 

चित्र -साभार गूगल 

एक ग़ज़ल -

पहाड़ों में कोई रस्ता कहाँ आसान दिखता है 

वहीं पर बाढ़ आती है जहाँ मैदान दिखता है 


तरक्की की कुल्हाड़ी ने हजारों  पेड़ काटे हैं 

जरूरत को कहाँ कोई नफ़ा -नुकसान दिखता है 


तुम्हारा जन्मदिन है आज ये झुमके पहन लेना 

भले तुम चाँदनी हो पर ये सूना कान दिखता है 


शहर में पत्थरों के घर फलों के पेड़ कितने हैं 

परिंदा घूमने आया है पर हैरान दिखता है 


पिकासो की कला हो या मोहब्बत का हो अफ़साना 

तुम्हारी शोखियों में मीर का दीवान दिखता है 


ये ड्राइंग रूम तो केवल नफ़ासत और दिखावा है 

जरूरत का नहीं है जो, वही सामान दिखता है 


वही है देश की सेवा जो कीमत के बिना होती 

बदलते दौर में सेवा में बस अनुदान दिखता है 

जयकृष्ण राय तुषार 

चित्र -साभार गूगल 


Friday, 26 February 2021

एक ग़ज़ल -मोहब्बत भी नशा इसको न मजबूरी बना लेना

 

चित्र -साभार गूगल 

एक ग़ज़ल -

मोहब्बत भी नशा इसको न मजबूरी बना लेना

मोहब्बत भी नशा इसको न मजबूरी बना लेना  

अँगीठी तेज हो जाए तो कुछ दूरी बना लेना 


तुम्हारे साथ मिलकर मैं यमन का राग गाऊँगा 

अभी से शाम का मंज़र ये सिंदूरी बना लेना 


तवे की रोटियों का स्वाद ढाबों में नहीं मिलता 

मगर जब भूख हो  रोटी को तन्दूरी बना लेना 


ये जंगल ,आग ,बारिश ,धूप ,आँधी से है बाबस्ता 

यहाँ जब सैर करना खुद को कस्तूरी बना लेना 


जिसे मैं ख़्वाब में देखा उसे वैसा ही रहने दो 

तुम अपने चित्र में इस दौर की नूरी बना लेना 


नशे की  बोतलों को अलमारी में सजाना मत 

जरूरी हो तो अपने लब को अंगूरी बना लेना 


समन्दर की तहों में यदि तुम्हें भी शोध करना है 

समन्दर के किनारों से अभी दूरी बना लेना 

जयकृष्ण राय तुषार 


चित्र -साभार गूगल 




Thursday, 25 February 2021

एक ग़ज़ल-धर्मग्रन्थों में ही किस्सा रह गया परिजात का

 

चित्र साभार गूगल

एक ग़ज़ल


कुछ हुनर कुछ दुश्मनों से धन मिला ख़ैरात का

हर गली धरना,प्रदर्शन चल रहा हज़रात का


बादलों में छिपके जो दिन में अँधेरा कर गया

वह भी सूरज आसमानी था मगर बरसात का


कैक्टस से इस क़दर हमको मोहब्बत हो गई

धर्म ग्रन्थों में ही किस्सा रह गया परिजात का


आजकल सब भीड़ में शामिल हुए जाते हैं बस

पूछते भी हैं नहीं जलसा यहाँ किस बात का


तर्क से मिल बैठ के मसलों का हल होता रहे

अब तमाशा बन्द होना चाहिए उत्पात का


लोकशाही को भी संजीदा बनाना चाहिए

दर्द उसको भी समझना चाहिए सुकरात का


एक ही भाषण सियासत जेब में रखती रही

पुल का उद्घाटन हो या जलसा किसी बारात का

जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल
परिजात



जयकृष्ण राय तुषार

Wednesday, 24 February 2021

एक ग़ज़ल-दिन के रहते हुए मैं शाम सा ढल सकता हूँ

 

चित्र साभार गूगल

एक ग़ज़ल-

उड़ भी सकता हूँ मैं पानी पे भी चल सकता हूँ

सिद्ध हूँ ख़्वाब हक़ीकत में बदल सकता हूँ


कुछ भी मेरा हैं कहाँ घर नहीं असबाब नहीं

जब भी वो कह दे मैं घर छोड़ के चल सकता हूँ


पानियों पर मुझे मन्दिर में या घर में रख दो

मैं तो मिट्टी का दिया हूँ कहीं जल सकता हूँ


शौक मेरा था कहाँ पाँव में चुभता हूँ मगर

एक काँटा हूँ कहाँ फूल सा खिल सकता हूँ


मैं भी सूरज हूँ मगर कृष्ण के द्वापर वाला

दिन के रहते हुए भी शाम सा ढल सकता हूँ

जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल


एक पुराना गीत -रख दिया तुमने रिसीवर

  चित्र -गूगल से साभार  एक गीत --अनकहा ही रह गया कुछ  अनकहा ही  रह गया कुछ  रख दिया तुमने रिसीवर | हैं प्रतीक्षा में  तुम्हारे  आज भी कुछ प्...