Saturday, 23 July 2011

प्रेम गीत -यही रंग है

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
यही रंग है -एक प्रेम गीत 

यही रंग है 
जो मिलता है 
कालिदास की उपमाओं में |
यही रूप है 
जिसे ढूंढता हर कवि 
अपनी कविताओं में |

फूल  सुवासित 
होते इससे मौसम 
अपना रंग बदलते ,
इसे देखकर 
जल लहराता अनगिन 
सीपी, शंख निकलते ,
लहरों के संग 
सोनमछलियाँ उठतीं -
गिरतीं सरिताओं में |

नीलगगन में 
इन्द्रधनुष के रंग 
इसी से आये होंगे ,
लोकरंग में 
रंगकर कजली 
कितने सावन गाये होंगे ,
यही हाथ में 
हाथ थामकर 
चलता घोर निराशाओं में |

यही रंग है 
जिसे उर्वशी और 
मेनका ने था पाया ,
यही रंग है 
जिसे जायसी ,ग़ालिब 
मीर सभी ने गाया ,
बिना अनूदित 
सब पढ़ लेते इसको 
अनगिन भाषाओँ में |

इसी रंग में 
रंगकर कितने राँझे 
कितने हीर हो गए ,
इसकी लौ में 
जलकर कितने 
पंडित और फकीर हो गए ,
कई बार हम 
इसी रंग के कारण 
पड़ते दुविधाओं में |
चित्र -गूगल से साभार 
[इन चित्रों से ही इस गीत का सृजन हुआ ]

Friday, 15 July 2011

मेरी दो ग़ज़लें

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
एक 
मौसम तो खुशगवार बहुत  वादियों में है 
मेरा सफर तमाम मगर सर्दियों में है 

ये सोचकर परिंदे भी उड़ते चले गए 
रहते थे जिस दरख्त पे वो आंधियों में है 

डर आदमी को है या सियासत का खेल ये 
क़ातिल शिकार से भी अधिक सुर्ख़ियों में है 

हीरा हुआ वो ,भाग्य मेरा कोयला हुआ 
मेरा भी जन्म लग्न उन्हीं राशियों में है 

कुछ भी कहा न तुमने मगर मैं समझ गया 
कुछ व्याकरण अजीब तेरी कनखियों में है 

गुजरा हरेक शख्स इधर देखता हुआ 
पूनम का कोई चाँद इन्ही खिड़कियों में है 

नाजुक मिजाज़ कह के नहीं भेद -भाव कर 
अब जंग का हुनर भी यहाँ लड़कियों में है 
दो 
खौफ़ का कितना हसीं मंजर था मेरे सामने 
हर किसी के हाथ में पत्थर था मेरे सामने 

अम्न की बातें परिंदे कैसे मेरी मानते 
रक्त में डूबा हुआ इक पर था मेरे सामने 

प्यार से जब खेलते बच्चे को चाहा चूमना 
मैं वक्त का पाबंद था दफ्तर था मेरे सामने 

अब तलक भूली नहीं बचपन की मुझको वो सजा 
मैं खड़ा था धूप में और घर था मेरे सामने 

पार भी करता मैं वो दरिया तो कैसे दोस्तों 
फिर बगावत में खड़ा लश्कर था मेरे सामने 

जन्म दिन पर तेरे कैसे भेंट करता फूल मैं 
सहरा था मेरे सामने बंजर था मेरे सामने 

जो भी इन्सा थे उन्हें ठोकर मिली गाली मिली 
देवता बनकर खड़ा पत्थर था मेरे सामने  
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
[मेरी दोनों ही ग़ज़लें पुरानी और प्रकाशित हैं ]

Monday, 11 July 2011

मेरी एक गज़ल

आँखों ने जो देखा वो अफ़साना भी नहीं है 
वो यारों मोहब्बत का दीवाना भी नहीं है 

अफ़सोस परिंदे यहाँ मर जायेंगे भूखे 
इस बार किसी जाल में दाना भी नहीं है 

इक दिन की मुलाकात से गफलत में शहर है 
सम्बन्ध मेरा उससे पुराना भी नहीं है 

वो ढूढता फिरता है हरेक शै में गज़ल को 
अब मीर औ ग़ालिब का जमाना भी नहीं है 

फूलों से भरे लाँन में दीवार उठा मत 
मुझको तो तेरे सहन में आना भी नहीं है 

हर मोड़ पे वो राह बदल लेता है अपनी 
गर दोस्त नहीं है तो बेगाना भी नहीं है 

इस सुबह की आँखों में खुमारी है क्यों इतनी 
इस शहर में तो कोई मैखाना भी नहीं है 
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Thursday, 23 June 2011

एक गीत-सन्दर्भ बेटियाँ

मेरी बेटी  -सौम्या राय 
यह गीत मेरी बेटी सौम्या सहित देश की सभी बेटियों को समर्पित हैं 

बेटियाँ तो भोर की 
पहली किरन सी हैं |
ये कभी थकती नहीं 
नन्हें हिरन सी हैं |

जिन्दगी में पर्व ये 
त्यौहार लाती  हैं ,
सुर्ख रँगोली बनाकर 
गीत गाती हैं ,
यज्ञ की वेदी यही 
पूजा- हवन सी हैं |

हँस पड़ें तो फूल 
रो दें झील होती हैं ,
ये अँधेरी रात में 
कंदील होती हैं ,
ये जमीनों ,आसमानों 
के मिलन सी हैं |

जब तलक होतीं 
पिता का घर सजातीं हैं ,
ये समय पे धूप 
घर में छाँव लती हैं ,
ये तपन में ग्रीष्म की 
शीतल पवन सी हैं |

Monday, 13 June 2011

एक नवगीत -मानसून कब लौटेगा बंगाल से

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
ये सूखे बादल 
लगते बेहाल से |
मानसून कब 
लौटेगा बंगाल से ?

कजली रूठी ,झूले गायब 
सूने गाँव ,मोहल्ले ,
सावन -भादों इस मौसम में 
कितने हुए निठल्ले ,
सोने -चांदी के दिन 
हम कंगाल से |

आंखें पीली 
चेहरा झुलसा धान का ,
स्वाद न अच्छा लगता 
मघई पान का ,
खुशबू आती नहीं 
कँवल की ताल से |

नहीं पास से गुजरी कोई 
मेहँदी रची हथेली ,
दरपन मन की बात न बूझे 
मौसम हुआ पहेली ,
सिक्का कोई नहीं 
गिरा रूमाल से |

फूलों के होठों से सटकर 
बैठी नहीं तितलियाँ ,
बिंदिया लगती है माथे की 
धानी -हरी बिजलियाँ ,
भींगी लटें नहीं
टकरातीं गाल से |


भींगी देह हवा से सटकर 
जाने क्या बतियाती ,
चैन नहीं खूंटे से बंधकर 
कजरी गाय रम्भाती ,
अभी नया लगता है 
बछड़ा चाल से |
चित्र -गूगल से साभार 

Thursday, 19 May 2011

एक कविता -गंगा कोई नदी नहीं

चित्र -गूगल से साभार 
एक गीत -थककर बैठी हुई उम्र की इस ढलान पर 
थककर बैठी हुई 
उम्र की इस ढलान पर |
कभी बहा करती थी 
यह गंगा उफान पर |

वर्षों का इतिहास समेटे 
कथा कह रही ,
आँसू पीते ,मलबा ढोते 
मगर बह रही ,
टुकड़ों में बंट जाती है 
यह हर कटान पर |

ब्रह्मा ,विष्णु ,महेश 
सगर भी भूल गये ,
कहाँ भागीरथ की 
पूजा के फूल गये ,
गंगा को अब बेच रहे 
पंडे दुकान पर |

इससे ही महिमा है 
काशी औ प्रयाग की ,
मगर यही गंगा लपटों में 
घिरी आग की ,
इसका जल लहराता था 
पूजा अजान पर |

यह गंगा कोई नदी नहीं 
जग माता है ,
वेदों की  साक्षी 
उनकी उद्गाता है ,
यही मुक्ति देती हम -
सबको श्मशान पर |

वन में बहती गंगा 
बहती चट्टानों में 
देवों में भी पूजित -
पूजित इंसानों में ,
मगर आज संकट है 
इसके आन -बान पर |
चित्र -गूगल से साभार 
                                                                                                                                                                                                            

Wednesday, 18 May 2011

एक नवगीत -संध्याओं के हाथ जले हैं

चित्र -गूगल से साभार 
पंछी पेड़ों से 
दहशत में 
उड़े मचाते शोर |
जंगल के 
सीने पर चढ़कर 
बैठा आदमखोर |

संध्याओं के 
हाथ जले हैं 
पँख तितलियों के ,
कितनी तेज 
धार वाले नाख़ून 
उँगलियों के ,
फंदा डाल 
गले में लटकी हुई 
सुनहरी भोर |

इतना सब कुछ हुआ 
मगर ये दिन भी 
कहाँ अछूता ,
फर्जी 
हर मुठभेंड़ कहाँ तक 
लिखता इब्नबतूता ,
फिर बहेलिये 
खींच रहे हैं 
नये जाल की डोर |

सपनीली 
आँखों में भी हैं 
सपने डरे हुए ,
तपती हुई 
रेत में सौ -सौ 
चीतल मरे हुए ,
जलविहीन 
मेघों के सम्मुख 
कत्थक करते मोर |
चित्र -गूगल से साभार 
[मेरा यह गीत जनसत्ता वार्षिकांक में प्रकाशित हो चुका है ]

Saturday, 14 May 2011

मेरे दो नवगीत

चित्र -गूगल से साभार 
एक 
चलो फिर गुलमोहरों के होंठ पर ये दिन सजाएं 

चलो फिर 
गुलमोहरों के होंठ पर 
ये दिन सजाएँ |
आधुनिक 
संदर्भ वाले 
कुछ पुराने गीत गाएं |

साँझ -सुबहों के 
गए माने 
दिन ढले दफ़्तर थकानों में ,
चहचहाते 
अब नहीं पंछी 
धुआं होते आसमानों में ,
हम उदासी 
ओढ़कर बैठे चलो 
मिलजुलकर टिफिन खाएं |

हम कहाँ अब 
धूल पोंछे आइनों सा 
दिख रहे हैं ,
आवरण ,आमुख 
किताबों में कहाँ 
सच लिख रहे हैं ,
चलो घर में 
कैद होकर 
पढ़ें मंटो की कथाएँ |

घर -गिरस्ती में 
हुईं धूमिल  
मौसमों के रंग वाली भाभियाँ ,
जब कभी हम 
बन्द तालों से हुए 
यही होतीं थी हमारी चाभियाँ ,
चलो फिर 
रूठी हुई इन 
भाभियों को हम मनाएं |

दो 
हम आंधी में उड़ते पत्ते 
सबके हाथ 
बराबर रोटी 
बांटो मेरे भाई |
इसी देश में 
कालाहांडी ,बस्तर 
और भिलाई |

कुछ के हिस्से 
आंच धूप की 
कुछ के सिर पर छाता  ,
दिल्ली और 
अमेठी से बस 
युवराजों का नाता ,
फूलों की 
घाटी हुजूर को 
हमको मिली तराई |

हम आंधी में 
उड़ते पत्ते 
शाखों पर कब लौटे ,
बच्चों के 
सिरहाने से 
गायब होते कजरौटे ,
दबे पाँव से 
बिल्ली भागी 
पीकर दूध ,मलाई |

ठूँठ पेड़ पर 
बैठे पंछी 
हाँफ रहे हैं भूखे ,
बिना फसल के 
खेतों में भी 
काबिज हुए बिजूखे ,
अँधेरे में 
ढूंढ रहे हम 
ढिबरी ,दियासलाई |
चित्र -गूगल से साभार 

Friday, 6 May 2011

काव्या का प्रेम विशेषांक -सम्पादक -हस्तीमल हस्ती

युगीन काव्या की पचासवीं प्रस्तुति एक अद्भुत प्रेम विशेषांक 

कैसा लगता है जब तेज धूप में माँ का आंचल सिर पर लहरा जाये ,कैसा लगता है जब प्रेयसी की आबनूसी जुल्फें चन्दन की महक लिए चेहरे को ढक कर उड़ जायें ,कैसा लगता है जब जेठ की तपती दोपहरी में रास्ते में अचानक गुलमोहर की छाँव मिल जाये ?यह सब वैसा ही लगता है जैसे तपती धरती पर रिमझिम बारिश की बूंदों का गिरना |इस उदास मौसम में जाने -माने सम्पादक एवं शायर हस्तीमल हस्ती के सम्पादन में मुंबई से प्रकाशित युगीन काव्या का बिलकुल ताजा प्रेम विशेषांक डाक से आज हमें प्राप्त हुआ है |  हस्तीमल हस्ती देश के जाने -माने शायर और एक बेहतरीन सम्पादक भी हैं |विगत दशकों में हस्ती जी युगीन काव्या के लगभग  पचास अंक प्रकाशित कर चुके हैं |यह वही हस्तीमल हस्ती हैं जिनकी गज़लों को महान गज़ल गायक जगजीत सिंह जी ने अपना रेशमी सुर  दिया है |मुंबई जैसे आपाधापी वाले  शहर में या माया नगरी में कविता की बात करना वह भी प्रेम की ऐसा वही शायर /कवि कर सकता है जिसने लिखा हो नये परिंदों को उड़ने में वक्त तो लगता है /प्यार का पहला खत लिखने में वक्त तो लगता है |हस्तीमल हस्ती एक उच्चकोटि के शायर सम्पादक ही नहीं वरन एक बेहतरीन इंसान भी हैं |जब समाज में हिंसा -प्रतिहिंसा का दौर चल रहा हो इंसान शब्द से दूर होता जा रहा होआखिर तब इस  शायर ने एक अद्भुत प्रेम विशेषांक निकालने की आवश्यकता क्यों महसूस किया ?शायद इसलिए कि प्रेम के अनगिन रंग होते हैं ,यह शाश्वत होता है यह जिस्मानी रूहानी से लेकर अध्यात्म तक जाता है |यह शायरों की शायरी में सूफियों के कलाम में बच्चों की तोतली जुबान में ,प्रेयसी की मुस्कान  ,माँ की ममतामयी गोंद में ,यह अपने चरमोत्कर्ष पर ईश्वर या खुदा हो जाता है |आईये हम भी पड़ताल करें इस अद्भुत प्रेम विशेषांक की |

इस प्रेम विशेषांक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें कई भारतीय भाषाओं के कवियों /शायरों को सम्मिलित कर सम्पादक ने भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने का काम किया है |डोंगरी भाषा से उषा व्यास और लक्ष्मी टगोत्रा कश्मीरी से दीनानाथ नादिम ,पंजाबी से राजिन्द्र राजी सतिंदर सिंह नूर अमृता प्रीतम ,नेपाली से मन प्रसाद सुब्बा मैथिली से जीवकांत सुब्बा बांग्ला से रविन्द्रनाथ ठाकुर [अनुवाद अज्ञेय ] गुजराती से रमेश पारेख ,कमल वोरा ,पन्ना नायक ,मराठी से मंगेश पडगांवकर ,गोविंदाग्रज ,नारायण सुर्वे ,कुसुमाग्रज ,शांता ज० शेलके प्रशांत असनारे ओड़िया से नरेंद्र साहू तेलगू से जे० बापू रेड्डी डॉ० आर० वी० एस० सुन्दरम श्री वसवराजू अप्पाराव तमिल से एन० गुरुमूर्ति सी० कणिकंठन मलयालम से सिविक चंद्रन, कुज्जुनी उर्दू से अमीर खुसरो ,नजीर ,हसन आबिद सुदर्शन फाकिर अहमद फ़राज़ बाजुद्दीन बाज़ फारुक जायसी राजेन्द्र नाथ रहबर कतील शिफ़ाई आदिम हाशिमी शकील बदायूँनी जेहरा निगाह ,नूह नारवी अली सरदार जाफरी कैसर उल जाफरी शमीम कुरहानी ,मेहँदी हुसैन नासिरी नासिर काज़मी सुल्तान अहमद परवीन शाकिर अहमद वसी नईम साहिल जाँ निसार अख्तर और एक जापानी कविता का भावानुवाद भी शामिल है |

हिन्दी के महत्वपूर्ण और कालजयी कवियों को भी स्थान दिया गया है उनमें प्रसाद, निराला  ,पंत अज्ञेय ,शमशेर बहादुर सिंह ,गोपाल सिंह नेपाली ,नागार्जुन ,बच्चन ,सर्वेश्वरदयाल सक्सेना केदारनाथ सिंह दुष्यंतकुमार ,उमाकांत मालवीय ,भारत भूषण ,गोपाल दास नीरज आदि हैं |इलाहाबाद से स्मृति शेष कवि उमाकांत मालवीय ,भाई यश मालवीय ,अंशु मालवीय ,कौशलेन्द्र प्रताप सिंह और मेरी कविताएं /गीत शामिल हैं |संग्रह में गीत ,गज़ल ,छंद मुक्त कविता ,नज्म सभी को उदारता से स्थान दिया गया है |यह बेमिसाल विशेषांक संग्रह के योग्य है |पुस्तक का आवरण और साजसज्जा दोनों ही खूबसूरत हैं |आप बोर न हो जायें इसलिए कुछ चुनिंदा शेर इसी अंक से आप तक पहुंचा रहे हैं -
आहट सी कोई आये तो लगता है कि तुम हो 
साया कोई लहराए तो लगता है कि तुम हो 
जब शाख कोई हाथ लगाते ही चमन में 
शर्माए ,लचक जाए तो लगता है कि तुम हो [जाँ निसार अख्तर ]

इश्क कर लेता है तकमीले -सफर चुपके से 
देखती जब है मुझे तेरी नजर चुपके से 
लाख तू अपनी मुहब्बत को छुपा ले दिल से 
हो ही जाती है जमाने को खबर चुपके से [नईम साहिल ]

इक न इक रोज तो रुखसत करता 
मुझसे कितनी ही मुहब्बत करता 
मेरे लहजे में गुरुर आया था 
उसको हक था कि शिकायत करता [परवीन शाकिर ]

रंजिश ही सही दिल को दुखाने के लिए आ 
आ फिर से मुझे छोड़ के जाने के लिए आ [अहमद फराज ]

किया है प्यार जिसे हमने जिन्दगी की तरह 
वो आशना भी मिला हमसे अजनबी की तरह [कतील शिफाई ]


[इस संग्रह में एक बड़ी भूल की ओर हस्तीमल हस्ती जी ने संकेत किया है हिन्दी के सुविख्यात गीत कवि माहेश्वर तिवारी जी का गीत रमा सिंह के नाम से प्रकाशित हो गया है |हस्ती जी इस भूल को सुधार लेंगे |
पुस्तक का नाम -युगीन काव्या [प्रेम विशेषांक ]सम्पादक -हस्तीमल हस्ती 
सम्पर्क -२८ ,कलिका निवास ,नेहरु रोड /पोस्ट आफिस के सामने 
सांताक्रूज [पूर्व ]मुंबई -४०००५५ फोन -022-26122866

गीत -कैसे लिख दें शाम सुहानी

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
कैसे लिख दें शाम सुहानी 
कैसे लिख दें 
शाम सुहानी 
इतना ऊँचा तापमान है |

प्यासी चिड़िया 
लौट रही है गुमसुम 
सूखे हुए ताल से ,
अँजुरी भर थे 
फूल उन्हें भी 
हवा उड़ा ले गई डाल से ,
बाहर भी 
आंधियां तेज हैं 
अंदर भी ठहरा उफान है |

इच्छाओं के 
पांव थक गये 
पथरीली राहों में चलते ,
हमको बस 
जुगनू दिखलाकर 
मौसम के हरकारे छलते ,
झोपड़ियों में 
स्याह रात है 
महलों में बस दीपदान है |

इत्र नहीं अब 
महज पसीने 
आँसू से भींगा रुमाल है ,
अम्मां ने 
खत लिखकर पूछा 
बेटा कैसा हालचाल है ,
परीकथाओं वाले 
सपनों में अब 
केवल बियाबान है |

बहुत दिन हुए 
चंदा देखे 
पानी की लहरों को गिनते ,
लुकाछिपी का 
खेल खेलते 
चरवाहों की वंशी सुनते ,
इन्द्रधनुष की 
आभा मद्धम 
धुँआ -धुँआ सा आसमान है |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
[यह गीत नये -पुराने साहित्यिक पत्रिका के पांचवें अंक में प्रकाशित है ]

एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...