Thursday, 5 August 2010

मेरी दो ग़ज़लें

चित्र -गूगल सर्च इंजन  से साभार 
एक 
सलीका बांस को बजने का जीवन भर नहीं होता।
बिना होठों के वंशी का भी मीठा स्वर नहीं होता॥


ये सावन गर नहीं लिखता हसीं मौसम के अफसाने।
कोई भी रंग मेंहदी का हथेली पर नहीं होता॥


किचन में मां बहुत रोती है पकवानों की खुशबू में।
किसी त्यौहार पर बेटा जब उसका घर नहीं होता॥


किसी बच्चे से उसकी मां को वो क्यों छीन लेता है।
अगर वो देवता होता तो फिर पत्थर नहीं होता ॥


परिंदे वो ही जा पाते हैं ऊंचे आसमानों तक।
जिन्हें सूरज से जलने का तनिक भी डर नहीं होता॥




चित्र -गूगल से साभार 


दो 
नये घर में पुराने एक दो आले तो रहने दो,
दिया बनकर वहीं से मां हमेशा रोशनी देगी।


ये सूखी घास अपने लान की काटो न तुम भाई,
पिता की याद आयेगी तो ये फिर से नमी देगी।


फरक बेटे  औ बेटी  में है बस महसूस करने का,
वो तुमको रोशनी देगा ये तुमको चांदनी देगी।


ये मां से भी अधिक उजली इसे मलबा न होने दो,
ये गंगा है यही दुनिया को फिर से जिंदगी देगी॥

Wednesday, 14 July 2010

एक गज़ल -कोई भी रंग हो मौसम का वो हंसकर निकलती है।

चित्र -गूगल से साभार 
एक ग़ज़ल -वो अक्सर फूल -परियों की तरह
 
वो अक्सर फूल परियों की तरह सजकर निकलती है
मगर आँखों में इक दरिया का जल भरकर निकलती है।

कँटीली झाड़ियाँ उग आती हैं लोगों के चेहरों पर

ख़ुदा जाने वो कैसे भीड़  से बचकर निकलती है.

जमाने भर से इज्जत की उसे उम्मीद क्या होगी

खुद अपने घर से वो लड़की बहुत डरकर निकलती है.

बदलकर शक्ल हर सूरत उसे रावण ही मिलता है 

लकीरों से अगर सीता कोई बाहर निकलती है .

सफर में तुम उसे ख़ामोश गुड़िया मत समझ लेना

ज़माने को झुकी नज़रों  से वो पढ़ कर निकलती है.

खुद जिसकी कोख में ईश्वर भी पलकर जन्म लेता है

वही लड़की  खुद अपनी कोख से मरकर निकलती है.

जो बचपन में घरों की जद हिरण सी लांघ आती थी

वो घर से पूछकर हर रोज अब दफ़्तर  निकलती है।

छुपा लेती है सब आंचल में रंजोग़म  के अफ़साने

कोई भी रंग हो मौसम का वो हंसकर निकलती है।

Saturday, 19 June 2010

एक गीत -लैपटाप में जंगल

एक गीत -लैपटॉप मे जंगल 
फूल खिले बाग हैं
तितलियां हैं
बच्चों की कलम पर
उंगलियां हैं!

पीठ लदे बस्तों में
दिन सारा बीता
लैपटाप में जंगल
देखती सुनीता
शीशे के ताल में
मछलियां हैं!

बात-बात पर छोटू
मम्मी से लड़ता
रिश्तों का मतलब भी
समझाना पड़ता
चश्मे के नम्बर में
कैद ये पुतलियां हैं!

वासन्ती भोर कहां
चंदा की रातें
खत्म हुई लोककथा
परियों की बातें
मोबाइल गेमों की कैद में
पसलियां हैं!

चित्र http://www.istockphoto.com/file_thumbview_approve/1497559/2/istockphoto_1497559-children-laptop.jpg से साभार

Wednesday, 2 June 2010

एक आलेख -हिन्दी नवगीतों में बादल


हिंदी नवगीतों मे बादल -एक आलेख 
ये सूखे बादल
लगते बेहाल से।
मानसून कब लौटेगा
बंगाल से? -जयकृष्ण राय तुषार

आदिम युग से विश्व साहित्य तथा साहित्य की विविध विधाओं में बादलों का विभिन्न रूपों में वर्णन मिलता है। संस्कृत के महान कवि कालिदास का 'मेघदूतम्‌' एक सर्वोत्तम काव्य कृति है। अलाव की तरह तपती हुई धरती पर जब बारिश की अमृतमयी बूंदें छन-छन गिरती हैं तो प्यासी पथराई आंखों में हरियाली के स्वप्न सजने लगते हैं। पेड़ों की शीतल छांह से लौटती हवाओं की आवारगी बढ  जाती है। दूर तक हंसते खिलखिलाते फूलों की मनोहारी छटा देखकर मन रूमानियत से भर उठता है। किशोरियां खुद को आदमकद दर्पण में निहारने लगती हैं और मेंहदी रचे हाथों की चित्रकारी देखकर आसमान में इठलाते इन्द्रधनुष की चमक फीकी पड़  जाती है। चैत-वैशाख में कवियों की लेखनी की सूखी स्याही सदावाहिनी नदियों की तरह तटबन्ध तोड़ने  लगती है। ऐसे में कविता में प्राण फूंकने वाले कवि कैलाश गौतम ननद से भाभी की शरारत बादल के माध्यम से कुछ इस प्रकार व्यक्त करते हैं-
बादल टूटे ताल पर
आटा सनी हथेली जैसे
भाभी पोंछ गयी
शोख ननद के गाल पर (जोड़ा ताल से)

हिन्दी के सुप्रसिद्ध गीत कवि माहेश्वर तिवारी भी बादलों को अपनी कविता का विषय बनाते हैं- 
काले-काले पंख
शिलाओं पर फैलाये 
बादल आये।

आजकल के वरिष्ठ सम्पादक और हिन्दी के खयातिलब्ध गीत कवि श्री योगेन्द्र दत्त शर्मा की सोच इन बादलों के बारे में कुछ इस प्रकार है-
सूर्य बिम्ब
धुंध में धुंधलकों में
खो रहा
मन घिरते मेघों का
शामों को हो रहा (योगेन्द्र दत्त शर्मा)



हिन्दी के सुपरिचित नवगीतकार डॉ० बुद्धिनाथ मिश्र भी बड़े रूमानी अंदाज में कह उठते हैं -
प्यास हरे 
कोई घन बरसे
तुम बरसो या सावन बरसे

वर्षा में लय, प्रलय, संयोग, वियोग, प्रेम, विछोह सब कुछ समाहित होता है। जिस क्षण जैसा कवि महसूस करता है वैसा ही भाव वह अपने गीतों के माध्यम से प्रस्तुत करता है। प्रेमशंकर रघुवंशी की सोच कुछ इस तरह है-
पहले मेघ आषाढ  के
बरसेंगे किसके आंगन में
सारी उमस बुहार के

इसी प्रकार गीतकार उमाकांत मालवीय जी जो कुछ दिन तक 'बादल' उपनाम से कतिताएं भी लिखते थे, बड़े ही शास्त्रीय अंदाज में बादल का वर्णन अपने नवगीतों में करते हैं-
बादल जो
शाम से घिरा 
पानी कल रात भर गिरा
पिघल गये मान के उलाहने
घेरा जब कमलतंतु बांह ने
नीले नभ के नयनों में
घन शावक स्वप्न बन तिरा (उमाकान्त मालवीय)

विनोद श्रीवास्तव भी बादलों को कुछ इस तरह से महसूस करते हैं और कह उठते हैं-
बादलों ने कह दिया
आओ चलें घर छोड कर
चाहकर भी हम
निकल पाये न पिंजरे तोड कर

प्रो० विद्यानंदन राजीव बादल में नये अर्थ तलाशते हुए नजर आते हैं और कह उठते हैं-
कितने नये अर्थ देता है
प्यासी धरती को
बादल का आना



बादलों का मानवीकरण गीतकवि विभिन्न रूपों में करते रहे हैं। गीत कविता की आदिम जमीन है। गीत शाश्वत होता है। प्रकृति की प्रत्येक लय में गीत समाहित है और गीतों में प्राकृतिक सुषमा। पारंपरिक गीतों/लोकगीतों में भी बादलों का जीवंत और भरपूर वर्णन मिलता है। हिन्दी के महत्वपूर्ण गीत कवि यश मालवीय को सावन की पहली बरखा आशीष देती हुई नजर आती है-
अभिवादन बादल-बादल
खबर लिए वन उपवन की
कितने आशीर्वाद लिए
पहली बरखा सावन की

मधुकर अष्ठाना तो बादलों के माध्यम से भारतीय राजनीति का विद्रूप चेहरा उजागर करते हैं-
सीख लिया है
मेघों ने भी
लटके झटके बड़े बड़ो के
सींच रहे हैं फुनगी केवल
सगे नहीं हो सके
जड़ो के
बांट दिया है इन्द्रधनुष को
कुछ अगड़ो में
कुछ पिछड़ो में

भोपाल में बैठे गीतकवि मयंक श्रीवास्तव झीलों और तालों के बीच कुछ अलग भाव-भूमि की रचना करते नजर आते हैं-
मेरे गांव घिरे ये बादल
जाने कहां कहां बरसेंगे
अल्हड पन लेकर पछुआ का
घिर आयी निर्दयी हवाएं
दूर-दूर तक फैल गयी है
घाटी की सुरमई जटाएं
ऐसे मदमाते मौसम में
जाने कौन कौन तरसेंगे

डॉ० महाश्वेता चतुर्वेदी बादलों के बीच खुद को यक्षिणी सा महसूस करती हैं।
बादलों मुझ यक्षिणी की बात कहना
नीरगंगा जल बनाकर
मैं तुम्हारे पद पखारूं
चेतना की भव्य प्रतिमा
जानकर तुमको निहारूं



हिन्दी नवगीत के शिखर पुरुष ठाकुर प्रसाद सिंह बादल में पिता की अनुभूति करते हैं-
मां हमारी दूध का तरु
बाप बादल
और बहन हर बोल पर
बजती हुई मादल
उतर आ हंसी
कि मैं वंशी (ठाकुर प्रसाद सिंह)

वरिष्ठ हिन्दी गीत कवि सत्यनारायण बादल को बावरा कहने में तनिक भी संकोच नही करते हैं और कह उठते हैं-
अजब ये बावरे बादल
सलोने सांवरे बादल
कहां से आ गये तिरते
गरजते घुमड़ते घिरते
किसी की ये खुली अलकें
किसी के आंख का काजल (सत्यनारायण)

दिनेश प्रभात बच्चों के स्कूल जाने का बिम्ब बादलों के माध्यम से बड़े  अनोखे अंदाज में प्रस्तुत करते हैं-
काम काज पर लौटे बादल
छुट्‌टी खत्म हुई
नन्ही नन्ही सी बूंदों ने
बस्ते टांग लिए
फिर पापा से गले लिपटकर
पैसे मांग लिए (दिनेश प्रभात)

बृजनाथ श्रीवास्तव की चिंता कुछ इस प्रकार की है। 
मेघ फटे मायानगरी में
जिए गांव ने सूखे
हम कहां-कहां चूके

जहीर कुरेशी घटाओं की तुलना नायिका के जूडे   से करते हैं-
फिर खुले आकाश में जूड़े घटाओं के
फिर हवाओं के दुपट्‌टे हो गये भीने


हिन्दी के महत्वपूर्ण कवि गुलाब जो अपने आंचलिक गीतों के लिए भी जाने और पहचाने जाते है बादलों की तुलना बंजारों की टोली से करते हैं -
शिखर -शिखर पर 
डोले बादल 


इस पल जमे 
कि उस पल उखड़े 
सुबह बसे 
दुपहर को उजड़े 
बंजारों के टोले बादल 



हिन्दी के कठिन काव्य के कवि चन्द्रसेन विराट भी यहां थोड़ा सरल और सहज दिखते हैं- 
निमंत्रण यह घटाओं का नहीं है आज बेमानी
चलो छत पर बुलाता है प्रथम बरसात का पानी

वरिष्ठ गीत कवि देवेन्द्र शर्मा इन्द्र की सोच कुछ अलग है-
बादल तुम संस्कृत में गरज रहे
क्या न कभी प्राकृत में बरसोगे

इसी प्रकार मुकुट बिहारी सरोज कहते हैं-
आंधी ज्यादा पानी कम है
ये कोई बादल में बादल हैं
यों देखो तो कोई कमी नहीं
लेकिन आचरणों में नमी नहीं

बादल संस्कृत कवियों के परमप्रिय विषय रहे हैं तो छायावादी कवियों के भी प्राणाधार रहे हैं। महाप्राण निराला, पंत, प्रसाद, महादेवी, दिनकर सभी कवियों ने बादल को कविता का विषय बनाया। जब तक प्रकृति रहेगी धरती पर मानव सभ्यता रहेगी कवियों में चातक प्यास रहेगी तब तक बादल कविता में आलम्बन और उद्‌दीपन बनते रहेंगे।

Sunday, 9 May 2010

एक गीत -मां तुम गंगाजल होती हो

एक गीत -माँ तुम गंगाजल होती हो 
मेरी ही यादों में खोयी
अक्सर तुम पागल होती हो
मां तुम गंगा जल होती हो!
मां तुम गंगा जल होती हो!

जीवन भर दुःख के पहाड़ पर
तुम पीती आंसू के सागर
फिर भी महकाती फूलों सा
मन का सूना सा संवत्सर
जब-जब हम लय गति से भटकें
तब-तब तुम मादल होती हो।

व्रत, उत्सव, मेले की गणना
कभी न तुम भूला करती हो
सम्बन्धों की डोर पकड  कर
आजीवन झूला करती हो
तुम कार्तिक की धुली चांदनी से
ज्यादा निर्मल होती हो।

पल-पल जगती सी आंखों में
मेरी खातिर स्वप्न सजाती
अपनी उमर हमें देने को
मंदिर में घंटियां बजाती
जब-जब ये आंखें धुंधलाती
तब-तब तुम काजल होती हो।

हम तो नहीं भगीरथ जैसे
कैसे सिर से कर्ज उतारें
तुम तो खुद ही गंगाजल हो
तुमको हम किस जल से तारें।
तुझ पर फूल चढ़ायें कैसे
तुम तो स्वयं कमल होती हो।

Friday, 7 May 2010

गजल : वो एक खत है

चित्र -गूगल से साभार 


एक गज़ल -वो चुप रहे खुदा की तरह 

उसी के कदमों की आहट सुनाई देती है
कभी-कभार वो छत पर दिखाई देती है

मैं उससे बोलूं तो वो चुप रहे खुदा की तरह
मैं चुप रहूं तो खुदा की दुहाई देती है

वो एक खत है जिसे मैं छिपाये फिरता हूं
जहां खुलूस की स्याही दिखाई देती है

तमाम उम्र उंगलियां मैं जिसकी छू न सका
वो चूड़ी वाले को अपनी कलाई देती है

वो एक बच्ची खिलौनों को तोड  कर सारे
बड़े सलीके से मां को सफाई देती है

जयकृष्ण राय तुषार

Wednesday, 28 April 2010

भारत-पाक मैत्री के लिए



हिन्दी में कहें या कहें उर्दू में ग़ज़ल हो
ऐ दोस्त गले मिल तो हरेक बात का हल हो


आंखों में मेरे देख तू लाहौर, कराची
जब ख़्वाब तू देखे तो वहां ताजमहल हो


तू फूल की खुश्बू का दीवाना है तो मैं भी
अब कौन चाहता है कि कांटों की फसल हो


हम भेज रहे हैं खत में गुलाबों की पंखुरियां
अब तेरा भी खत आये तो खुश्बू हो कंवल हो


तू ईद मना हम भी मना लेंगे दीवाली
जज़्बात का मसला है ये जज़्बात से हल हो


हम इससे आचमन करें या तू वजू करे
झेलम का साफ पानी हो या गंगा का जल हो


इस चांद को देखें चलो रंजिश को भुला दें
जो बात मोहब्बत की है उसपे तो अमल हो


ऐ दोस्त अगर सुबह का भूला है तो घर आ
कुछ आंख मेरी भीगें कुछ तेरी सजल हो


इक रोज तेरे घर पे तबीयत से मिलेंगे
ये धुंध हटे राह से कुछ राह सरल हो


यह गजल अक्षर पर्व 'उत्सव अंक' २००८ में प्रकाशित हो चुकी है।

Tuesday, 23 February 2010

एक गज़ल -तबीयत से यहाँ गंगा नहाकर देखिए साहब

चित्र -गूगल से साभार 
तबीयत से यहां गंगा नहाकर देखिए साहब
फकीरों की तरह धूनी रमाकर देखिए साहब
तबीयत से यहां गंगा नहाकर देखिए साहब

यहां पर जो सुकूं है वो कहां है भव्य महलों में
ये संगम है यहां तम्बू लगाकर देखिये साहब

हथेली पर उतर आयेंगे ये संगम की लहरों से
परिन्दों को मोहब्बत से बुलाकर देखिए साहब

ये गंगा फिर बहेगी तोड़कर मजबूत चट्‌टानें
जो कचरा आपने फेंका हटाकर देखिये साहब

गाल गुलाबी हुए धूप के


इस मौसम में
आज दिखा है
पहला-पहला बौर आम का।

गाल गुलाबी
हुए धूप के
इन्द्रधनुष सा रंग शाम का।

सांस-सांस में
महक इतर सी
रंग-बिरंगे फूल खिल रहे,

हल्दी अक्षत के
दिन लौटे
पंडित से यजमान मिल रहे,
हर सीता के
मन दर्पण में
चित्र उभरने लगा राम का।

खुले-खुले
पंखों में पंछी
लौट रहे हैं आसमान से
जगे सुबह
रस्ते चौरस्ते
मंदिर की घंटी अजान से।

बर्फ पिघलने
लगी धूप से
लौट रहा फिर दिन हमाम का।
खुली-बन्द
ऑंखों में आते
सतरंगी सपने अबीर के।

द्वार-द्वार गा रहा
जोगिया मौसम
पद फगुआ कबीर के
रूक-रूक कर
चल रहा बटोही
इंतजार है किस मुकाम का

गंगा हमको छोड़ कभी मत इस धरती से जाना

चित्र गूगल से साभार 
गंगा हमको छोड़ कभी मत
इस धरती से जाना।
तू जैसे कल तक बहती थी
वैसे बहती जाना।

तू है तो ये पर्व अनोखे
वेद मंत्र सन्यासी,
तुझसे कनखल हरिद्वार है
तुझसे पटना काशी,
जहॉं कहीं हर हर गंगे हो
पल भर तू रुक जाना

भक्तों के उपर जब भी
संकट गहराता है
सिर पर तेरा हाथ
और आंचल लहराता है
तेरी लहरों पर है मॉं
हमको भी दीप जलाना

तू मॉं नदी सदानीरा हो
कभी न सोती हो
गोमुख से गंगासागर तक
सपने बोती हो
जहॉं कहीं बंजर धरती हो
मॉं तुम फूल खिलाना।

राजा रंक सभी की नैया
मॉं तू पार लगाती
कंकड  पत्थर शंख सीपियॉं
सबको गले लगाती
तेरे तट पर बैठ अघोरी
सीखे मंत्र जगाना

छठे छमासे मॉं हम
तेरे तट पर आयेंगे
पान फूल सिन्दूर चढ़ाकर
दीप जलायेंगे
मझधारों में ना हम डूबें
मॉं तू पार लगाना।

एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...