Wednesday, 4 May 2011

एक गीत -फिर मौसम बाँहों में भरना

चित्र -गूगल से साभार 
फिर मौसम बाँहों में भरना 
आयेंगे 
फिर अच्छे 
मौसम आयेंगे |
हम 
खेतों में धान 
रोपकर गायेंगे |

कुछ 
दिन और 
प्रतीक्षा करना ,
फिर 
मौसम 
बाँहों में भरना ,
सुख के 
दिन राहों में 
फूल  सजायेंगे |

प्रकृति 
होंठ पर दही लगा 
आचमन करेगी ,
कहीं अजंता 
कहीं एलोरा 
मांग भरेगी ,
पीले 
बाँसों में 
करील अँखुआयेंगे |

हारिल -
तोते टहनी -
टहनी डोलेंगे ,
हम भी 
उनकी ही 
भाषा में बोलेंगे ,
पपिहे 
पंचम दा के 
सुर में गायेंगे  |

असमान के 
बादल होंगे 
झीलों में ,
स्वप्न 
हमारे होंगे 
कोसों ,मीलों में ,
हम 
हाथों में कोई 
हाथ दबायेंगे |

Monday, 2 May 2011

एक गीत -इस दुरूह मौसम में

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
इस दुरूह मौसम में 

इस दुरूह 
मौसम में खुशबू ,
फूलों का खिलना |
प्यासे हिरना को 
मरुथल  में 
झीलों का मिलना |

उमस भरे 
मौसम लू -लपटों में 
आलस जीते ,
एक पत्र 
लिखने में मुझको 
दिन कितने बीते ,
शाम ढले 
मखमली घास पर 
पाँवों का जलना |

अनदेखा सा 
कोई छत  पर 
दुनियाँ देख रहा ,
कोई मद्धम -
आंच तवे पर 
रोटी  सेंक रहा ,
देख रही माँ 
घुटने के बल 
बच्चे का चलना |

बहुत दिन हुए 
पगडंडी पर 
मिली न टूटी पायल ,
बहुत दिन हुए 
देखे तिरछी 
आँखों का काजल ,
किसी मोड़ पर 
आँखों का झुकना 
झुककर मिलना |

आदमकद 
दरपन में कोई 
टिकुली साट गया ,
अपने हिस्से का 
सारा सुख 
हमको बाँट गया ,
सीख गए 
हम कानाफूसी 
होठों का सिलना |

मेरे गीत 
हवा बनकर 
हर मौसम बहते हैं ,
झाँको तो 
जैसे झीलों में 
बादल रहते हैं ,
उंघते हुए 
कमल फूलों का 
लहरों पर हिलना |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Friday, 29 April 2011

मेरे दो नवगीत

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार
पहले जैसी  नहीं गाँव की रामकहानी है 

पहले जैसी 
नहीं गाँव की 
रामकहानी है |
जिसका है 
सरपंच उसी का 
दाना -पानी है |

परती खेत 
कहाँ हँसते अब 
पौधे धानों के ,
झील -ताल 
सब बंटे हाथ 
मुखिया -परधानों के ,
चिरई -चुनमुन नहीं 
मुंडेरों पर 
हैरानी है |

आसमान से झुंड 
गुम हुए 
उड़ती चीलों के ,
उत्सवजीवी रंग 
नहीं अब रहे 
कबीलों के ,
मुरझाये 
फूलों पर बैठी 
तितली रानी है |

मंदिर में 
पूजा होती अब 
फ़िल्मी गानों से ,
राजपुरोहित से 
टूटे रिश्ते 
यजमानों के ,
शहरों जैसे 
रंग -ढंग 
अब बोली -बानी है |

रोजगार 
गारंटी की 
यह बातें करता है ,
पीढ़ी दर 
पीढ़ी किसान बस 
कर्जा भरता है ,
कागज पर 
सदभाव`
धरातल पर शैतानी है |

दो 
आग में लिपटे हुए ये  वन चिनारों के 
आग में 
लिपटे हुए 
ये वन चिनारों के |
गीत अब 
कैसे लिखेगें 
हम बहारों के |

खेत परती 
बीडियाँ 
सुलगा रहा कोई ,
गीत बुन्देली 
हवा में 
गा रहा कोई ,
सूखती 
नदियाँ ,फटे सीने 
कछारों के |

एक चिट्ठी 
माँ !तेरी 
कल शाम आयी है ,
और यह 
चिट्ठी बहुत ही 
काम आयी है ,
शुष्क चेहरे पर 
पड़े छींटे 
फुहारों के |

यह शहर 
महँगा ,यहाँ है 
भूख -बेकारी ,
हर कदम पर 
हम हरे हैं पेड़ 
ये आरी ,
पाँव के 
नीचे दबे हम 
घुड़सवारों के |
[मेरे दोनों गीत कोलकाता से प्रकाशित जनसत्ता दीपावली वार्षिकांक २०१० में प्रकाशित हैं ]

Saturday, 16 April 2011

गीत -इस सुनहरी धूप में

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
इस सुनहरी धूप में 

इस सुनहरी धूप में 
कुछ देर बैठा कीजिए  |
आज मेरे हाथ की 
ये चाय ताजा पीजिए |

भोर में है आपका रूटीन 
चिड़ियों की तरह ,
आप कब रुकतीं ,हमेशा 
नयी घड़ियों की तरह ,
फूल हँसते हैं सुबह 
कुछ आप भी हँस लीजिए |

दर्द पाँवों में उनींदी आँख 
पर उत्साह मन में ,
सुबह बच्चों के लिए 
तुम बैठती -उठती किचन में ,
कालबेल कहती बहनजी 
ढूध तो ले लीजिए |

मेज़ पर अखबार रखती 
बीनती चावल ,
फिर चढ़ाती देवता पर 
फूल अक्षत -जल ,
पल सुनहरे ,अलबमों के 
बीच मत रख दीजिए |
,
हैं कहाँ  तुमसे अलग 
एक्वेरियम की मछलियाँ ,
अलग हैं रंगीन पंखों में 
मगर ये तितलियाँ ,
इन्हीं से कुछ रंग ले 
रंगीन तो हो लीजिए |

तुम सजाती घर 
चलो तुमको सजाएँ ,
धुले हाथों पर 
हरी मेहँदी लगाएं ,
चाँद सा मुख ,माथ पर 
सूरज उगा तो लीजिए |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Tuesday, 12 April 2011

मेरी दो गज़लें

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
एक 
छत बचा लेता है मेरी ,वही पाया  बनकर 
मुझको हर मोड़  पे मिलता है फरिश्ता बनकर

तेरी यादें कभी तनहा नहीं होने देतीं 
साथ चलती हैं मेरे ,धूप में साया बनकर 

तंगहाली में रही जब भी व्यवस्था घर की 
मेरी माँ उसको छिपा लेती है परदा बनकर 

आज के दौर के बच्चे भी कन्हैया होंगे 
आप पालें तो उन्हें नंद यशोदा बनकर

घर के बच्चों से नहीं मिलिये  किताबों की तरह 
उनके जज्बात को पढ़िये तो खिलौना बनकर 
दो 
वही उड़ान का का असली हुनर दिखाते हैं 
तिलस्म तोड़ के आंधी का,  घर जो आते हैं 

कभी प्रयाग के संगम को देखिये आकर 
यहाँ परिंदे भी डुबकी लगाने आते हैं 

ये बात सच है कि  दरिया से दोस्ती है मगर 
मल्लाह डूबने वालों को ही बचाते हैं 

लिबास देखके मत ढूंढिए फकीरों को 
कुछ जालसाज भी चन्दन तिलक लगाते हैं 

कब इनको खौफ़ रहा जाल और बहेलियों का 
परिंदे बैठ के पेड़ों पे चहचहाते  हैं 

हम अपने घर को भी दफ़्तर बनाये बैठे हैं 
परीकथाओं को बच्चों को कब सुनाते हैं 


किसी गरीब के घर को मचान मत कहना 
कबीले पेड़ की शाखों पे घर बनाते हैं 
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Saturday, 9 April 2011

एक प्रेम गीत -देखकर तुमको फिरोजी दिन हुए

चित्र -गूगल सर्च इंजन  से साभार 
देखकर तुमको फिरोजी  दिन हुए 

तुम्हें देखा 
भूल बैठा मैं 
काव्य के सारे सधे  उपमान |
ओ अपरिचित ! 
लिख रहा तुमको 
रूप का सबसे बड़ा प्रतिमान |

देख तुमको 
खिलखिलाते फूल 
जाग उठती शांत जल की झील ,
खिड़कियों को 
गन्ध कस्तूरी मिली 
जल उठी मन की बुझी कंदील ,
इन्द्रधनु सा 
रूप तेरा देखकर 
हो रहे पागल हिरन ,सीवान |


मौन  जंगल सज 
रहीं  संगीत संध्याएं  
खुले चिड़ियों के नये स्कूल,
कभी रक्खे थे 
किताबों में जिन्हें 
मोरपंखों को गये हम भूल ,
तू शरद की 
चाँदनी शीतल 
और हम दोपहर के दिनमान |


हाशिये  नीले ,हरे होने लगे 
लौट आये 
फिर कलम के दिन,
कल्पनाओं के 
गुलाबी पंख ओढ़े 
हम तुम्हें लिखने लगे पल -छिन 
हमें जाना था 
मगर हम रुक गये 
खोलकर बांधा हुआ  सामान |


देखकर तुमको 
फिरोजी दिन हुए 
हवा में उड़ता हरा रुमाल ,
फिर कहीं 
गुस्ताख भौरें ने छुआ 
फूल का बायां गुलाबी गाल ,
सज गए फिर 
मेज़ ,गुलदस्ते 
पी रहे  काफ़ी सुबह से लाँन |

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Friday, 8 April 2011

एक नवगीत

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
सुलगते सवाल  कई छोड़ गया मौसम 

सुलगते 
सवाल कई 
छोड़ गया मौसम |
मानसून 
रिश्तों को 
तोड़ गया मौसम |

धुआँ -धुँआ 
चेहरे हैं 
धान -पान खेतों के ,
नदियों में 
ढूह खड़े 
हंसते हैं रेतों के ,

पथरीली 
मिट्टी को 
गोड़  गया मौसम |

आंगन कुछ 
उतरे थे 
मेघ बिना पानी के ,
जो कुछ हैं 
पेड़ हरे 
राजा या रानी के ,

मिट्टी के 
मटके हम 
फोड़ गया मौसम |

मिमियाते 
बकरे हम 
घूरते कसाई ,
शाम -सुबह 
नागिन सी 
डंसती मंहगाई ,

चूडियाँ 
कलाई की 
तोड़ गया मौसम |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 

Thursday, 31 March 2011

मेरे दो गीत

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
एक 
कब लौटोगी कथा सुनाने 

कब लौटोगी 
कथा सुनाने 
ओ सिंदूरी शाम |

रीत गयी है 
गन्ध संदली 
शोर हवाओं में ,
चुटकी भर 
चांदनी नहीं है 
रात दिशाओं में ,

टूट रहे 
आदमकद शीशे 
चीख और कोहराम |

माथे बिंदिया 
पांव महावर 
उबटन अंग लगाने ,
जूडे चम्पक 
फूल गूंथने 
क्वांरी मांग सजाने ,

हाथों में 
जादुई छड़ी ले 
आना मेरे धाम |

बंद हुई 
खिड़कियाँ ,झरोखे 
तुम्हें खोलना है ,
बिजली के 
तारों पर 
नंगे पांव डोलना है ,

प्यासे होठों पर 
लिखना है 
बौछारों का नाम |

दो 
सूरज कल भोर में जगाना 
नींद नहीं 
टूटे तो 
देह गुदगुदाना |
सूरज 
कल भोर में 
जगाना |

फूलों में 
रंग भरे 
खुशबू हो देह धरे ,
मौसम के 
होठों से 
रोज सगुन गीत झरे ,

फिर आना 
झील -ताल 
बांसुरी बजाना |

हल्दी की 
गाँठ बंधे 
रंग हों जवानी के ,
इन सूखे 
खेतों में 
मेघ घिरें पानी के ,

धरती की 
कोख हरी 
दूब को उगाना |

लुका -छिपी 
खेलेंगे 
जीतेंगे -हारेंगे 
मुंदरी के 
शीशे में 
हम तुम्हें निहारेंगे ,

मन की 
दीवारों पर
अल्पना सजाना |

चित्र -गूगल से साभार 


Monday, 14 March 2011

होली के रंग -मेरे गीतों के संग

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
एक - होली में आना जी आना 

होली में 
आना जी  आना 
चाहे जो रंग लिए आना |
भींगेगी देह 
मगर याद रहे 
मन को भी रंग से सजाना |


वर्षों से 
बर्फ जमी प्रीति को 
मद्धम सी आंच पर उबालना ,
जाने क्या
चुभता है आँखों में 
आना तो फूंककर निकालना ,
मैं नाचूँगी 
राधा बनकर 
तू कान्हा बांसुरी बजाना |


आग लगी 
जंगल में या 
पलाश दहके हैं ,
मेरे भी 
आंगन में 
कुछ गुलाब महके हैं ,
कब तक 
हम रखेंगे बांधकर 
खुशबू का है कहाँ ठिकाना |


लाल हरे 
पीले रंगों भींगी
चूनर को धूप में सुखायेंगे ,
तुम मन के 
पंख खोल उड़ना 
हम मन के पंख को छुपायेंगे ,
मन की हर 
बंधी गाँठ खोलना 
उस दिन तो दरपन हो जाना |


हारेंगे हम ही 
तुम जीतना 
टॉस मगर जोर से उछालना ,
ओ मांझी 
धार बहुत तेज है 
मुझे और नाव को सम्हालना ,
नाव से 
उतरना जब घाट पर 
हाथ मेरी ओर भी बढ़ाना


दो -
आम  कुतरते हुए सुए से 


आम कुतरते हुए सुए से 
मैना कहे मुंडेर की |
अबकी होली में ले आना 
भुजिया बीकानेर की |


गोकुल ,वृन्दावन की हो 
या होली हो बरसाने की ,
परदेशी की वही पुरानी 
आदत है तरसाने की ,
उसकी आंखों को भाती है 
कठपुतली आमेर की |


इस होली में हरे पेड़ की 
शाख न कोई टूटे ,
मिलें गले से गले ,पकड़कर 
हाथ न कोई छूटे ,
हर घर -आंगन महके खुशबू 
गुड़हल और कनेर की |


चौपालों पर ढोल मजीरे 
सुर गूंजे करताल के ,
रूमालों से छूट न पायें 
रंग गुलाबी गाल के ,
फगुआ गाएं या फिर बांचेंगे 
कविता शमशेर की |
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार
[मेरा दूसरा गीत अमर उजाला के २० मार्च २०११ के साप्ताहिक परिशिष्ट जिंदगी लाइव में प्रकाशित हो चुका है |इस गीत को प्रकाशित करने के लिए जाने माने कवि /उपन्यासकार एवं सम्पादक साहित्य अरुण आदित्य जी  का विशेष आभार]
[दूसरा  गीत   नरेंद्र व्यास जी के आग्रह पर  लिखना पड़ा, इसलिए यह गीत उन्हीं को समर्पित  कर रहा हूँ ]

Sunday, 13 March 2011

गज़ल -होली मनाइये

चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
होली मनाइये 


यह वर्ष बेमिसाल है होली मनाइये 
हर शख्स तंग हाल है होली मनाइये

मनमोहनी हंसी ने रुलाकर के रख दिया 
सौ रूपये में दाल है होली मनाइये 


कुर्सी महल कलमाड़ी के हिस्से में दोस्तों 
अपने लिए पुआल है होली मनाइये 


रंगों में है  घोटाला मिलावट अबीर में 
महँगा भले गुलाल है होली मनाइये 


फागुन भी कटघरे में बसंती भी जेल में 
मौसम भी ये दलाल है होली मनाइये 


राहुल जी राज छोड़के घरवाली लाइए 
ये उम्र का सवाल है होली मनाइये 


भारी है पेट गडकरी गुझिया न खाइए 
पार्टी का खस्ता हाल है होली मनाइये

अबकी कैटरीना कैफ भी  होली के मूड में 
सादा बस एक गाल है होली मनाइये 


हाथों में ले अबीर अमर सिंह न बैठिये 
घर में भले बवाल है होली मनाइये

बहुमत में लौटकर के बहिन जी फिर आइये 
हाथी का सब कमाल है होली मनाइये 


राधा शहर में बस गयी कान्हा विदेश में 
बरसाने में अकाल है होली मनाइये


सत्ता का चेहरा हो गया पीला तो क्या हुआ 
जनता का चेहरा लाल है होली मनाइये 


पाले में नंगा जिस्म ले मरता रहे किसान 
मस्ती में लेखपाल है होली मनाइये 


जंगल का हाल उड़ते परिंदों से पूछिए 
गिरवीं हरेक डाल है होली मनाइये 


पी करके भाँग  सो रही संसद विधायिका 
अपना किसे खयाल है होली मनाइये 
चित्र -गूगल सर्च इंजन से साभार 
[बुरा न मानो   होली है|यह मेरी पुरानी गज़ल है ,इसे संशोधन के द्वारा समसामयिक बनाया गया है  ]

एक प्रेमगीत -गीत होठों पर सजाकर

  चित्र साभार गूगल  एक पुराना गीत  एक प्रेम गीत-बाँसुरी मैं छोड़ दूँगा गीत अधरों पर सजाकर आलमारी में कहीं फिर भागवत रख दो सजाकर । पास में  बै...