![]() |
एक गीत -जगमग हिंदुस्तान
नए क्षितिज पर
नए सूर्य से
जगमग हिंदुस्तान.
विश्व समूचा
आज कर रहा
भारत का जयगान.
धर्म -संस्कृति
और राष्ट्र के
गौरव पर अभिमान,
सागर में बेखौफ़
तिरंगा
लहराता जलयान,
देख रही
दिल्ली की गद्दी
सेवक का ईमान.
नए वर्ष में
केसर महके
घर -घर बजे मृदंग,
वासन्ती
गलियों में
छेड़े मौसम संग अनंग,
हर घर हो
चंदन का टीका
काजल औ लोबान.
आम्र कुंज में
मंजरियों की
आभा रहे निराली,
खेतों में
मज़दूरन पियरी
पहने, हो खुशहाली,
इंद्रधनुष सी
छटा बिखेरे
भारत वर्ष महान.
गंगा -जमुना
विंध्य नर्मदा
निर्मल रहे हिमालय,
शंख बजाकर
करे आरती
देवभूमि देवालय,
सब धर्मों का
आदर करना
सब गुरुओं का मान.
कवि जयकृष्ण राय तुषार
![]() |