Saturday, 21 February 2026

एक गीत -आसपास फूलों की गंध को सजाएँ

 

चित्र साभार गूगल 

एक गीत -आसपास फूलों की गंध को सजाएँ 

आओ फिर 
फूलों में 
प्रेम गीत गाएँ.
आसपास 
फूलों की 
गंध को सजाएँ.

दरपन पे 
धूल जमी 
मेघों में चाँदनी,
गूंगों के 
घर गिरवीं 
राग और रागिनी,
डाल -डाल 
पेड़ों की 
बांसुरी बजाएँ.

मुँह मीठे 
पान भरे 
काशी क्या बोले,
गंगा की 
गठरी की 
गांठ कौन खोले,
घाटों पर 
बँधी हुई
नाव को सजाएँ.

मन्त्रमुग्ध 
करते हैं 
आँखों में काजल,
खेतोँ को 
प्यास और 
परदेसी बादल,
आओ फिर 
नदियों को 
नींद से जगाएँ.
कवि /गीतकार 
जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र साभार गूगल 


6 comments:

  1. आपकी लिखी रचना "पांच लिंकों के आनन्द में सोमवार 23 फरवरी, 2026 को लिंक की जाएगी .... http://halchalwith5links.blogspot.in पर आप भी आइएगा ... धन्यवाद!

    ReplyDelete

आपकी टिप्पणी हमारा मार्गदर्शन करेगी। टिप्पणी के लिए धन्यवाद |

एक भजन -जगन्नाथ भगवान

  प्रभु जगन्नाथ जी  एक भक्ति गीत -हे जगन्नाथ भगवान  वृंदावन के मुरलीधर  हे जगन्नाथ भगवान. महाभोग की महिमा गाते  भक्त और भगवान. बहन सुभद्रा, ...