![]() |
| चित्र साभार गूगल |
एक पुराना गीत -
गीत नहीं मरता है साथी
गीत नहीं
मरता है साथी
लोकरंग में रहता है |
जैसे कल कल
झरना बहता
वैसे ही यह बहता है |
खेतों में ,फूलों में
कोहबर
दालानों में हँसता है ,
गीत यही
गोकुल ,बरसाने
वृन्दावन में बसता है ,
हर मौसम की
मार नदी के
मछुआरों सा सहता है |
इसको गाती
तीजनबाई
भीमसेन भी गाता है ,
विद्यापति
तुलसी ,मीरा से
इसका रिश्ता नाता है ,
यह कबीर की
साखी के संग
लिए लुकाठी रहता है |
यही गीत था
जिसे जांत के-
संग बैठ माँ गाती थी ,
इसी गीत से
सुख -दुःख वाली
चिट्ठी -पत्री आती थी ,
इसी गीत से
ऋतुओं का भी
रंग सुहाना रहता है |
सदा प्रेम के
संग रहा पर
युद्ध भूमि भी जीता है ,
वेदों का है
उत्स इसी से
यह रामायण, गीता है ,
बिना शपथ के
बिना कसम के
यह केवल सच कहता है |
![]() |
| चित्र साभार गूगल |
पेंटिंग्स गूगल से साभार


No comments:
Post a Comment
आपकी टिप्पणी हमारा मार्गदर्शन करेगी। टिप्पणी के लिए धन्यवाद |